TRENDING TAGS :
Azamgarh News: साइबर अपराधों से बचाव के लिए पुलिस ने चलाया जागरूकता अभियान
Azamgarh News: राष्ट्रीय साइबर सुरक्षा जागरूकता माह के तहत आजमगढ़ पुलिस ने चलाया अभियान, लोगों को डिजिटल ठगी और ऑनलाइन फ्रॉड से सतर्क रहने के दिए सुझाव।
साइबर अपराधों से बचाव के लिए पुलिस ने चलाया जागरूकता अभियान (Photo- Newstrack)
Azamgarh News: राष्ट्रीय साइबर सुरक्षा जागरूकता माह (National Cyber Security Awareness Month) के तहत आजमगढ़ पुलिस ने शनिवार को कस्बा रानी की सराय में लोगों को साइबर अपराधों से बचाव के प्रति जागरूक किया। यह अभियान पुलिस महानिदेशक उत्तर प्रदेश के निर्देश पर चलाया गया, जिसमें वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आजमगढ़, अपर पुलिस अधीक्षक यातायात (नोडल अधिकारी साइबर क्राइम) व क्षेत्राधिकारी सदर (सहायक नोडल अधिकारी) के नेतृत्व में व्यापक जनजागरूकता की गई।
अभियान के दौरान थाना साइबर क्राइम पुलिस टीम ने आम जनता को बताया कि कैसे फर्जी पुलिस अधिकारी, सीबीआई या साइबर पुलिस अधिकारी बनकर ठग डिजिटल अरेस्ट के नाम पर पैसे ऐंठ लेते हैं। इसी तरह मोबाइल में फर्जी ऐप डाउनलोड करवाना, संदिग्ध लिंक पर क्लिक कराना, लॉटरी या गिफ्ट के नाम पर ठगी करना और सोशल मीडिया पर अंजान लोगों से दोस्ती कर धोखाधड़ी करना आम साइबर अपराधों में शामिल हैं।
टीम ने लोगों को जागरूक करते हुए पंपलेट बांटे और लाउडहेलर के माध्यम से साइबर सुरक्षा के संदेश दिए। पुलिस ने नागरिकों को सावधान करते हुए कहा कि किसी भी संदिग्ध कॉल, लिंक या ऑफर पर भरोसा न करें और अपनी निजी जानकारी किसी को साझा न करें।
साइबर अपराध की स्थिति में तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करने या www.cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज कराने की अपील की गई।
इस दौरान थाना साइबर क्राइम की प्रभारी म0नि0 विभा पाण्डेय, उ0नि0 कलाधर त्रिपाठी, का0 महिपाल यादव और का0 रामाश्रय यादव मौजूद रहे। पुलिस ने कहा कि साइबर सुरक्षा सामूहिक जिम्मेदारी है, इसलिए प्रत्येक व्यक्ति को डिजिटल सतर्कता अपनानी चाहिए ताकि अपराधियों के जाल में फंसने से बचा जा सके।


