TRENDING TAGS :
Azamgarh News: पुरानी जेल भूमि के विकास को मिली रफ्तार, दारा सिंह की मांग पर सीएम ने मांगा प्रस्ताव
Azamgarh News: आजमगढ़ में पुरानी जेल की भूमि के जनहित विकास को लेकर मंत्री दारा सिंह चौहान ने मुख्यमंत्री से मांग की। मुख्यमंत्री ने प्रस्ताव तलब कर विकास कार्यों को आगे बढ़ाने के संकेत दिए हैं।
Azamgarh News(Photo-Social Media)
Azamgarh News: 14 जून जनपद आजमगढ़ की ऐतिहासिक पुरानी जिला कारागार की भूमि के जनहित में उपयोग को लेकर प्रदेश सरकार द्वारा सकारात्मक पहल किए जाने से जनपदवासियों में उत्साह का माहौल है। प्रदेश के कारागार मंत्री दारा सिंह चौहान द्वारा उठाए गए प्रस्ताव को मा.मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गंभीरता से लेते हुए इस भूमि के समुचित विकास हेतु आवश्यक कार्यवाही के निर्देश दिए हैं।
ज्ञातव्य है कि जनपद की पुरानी जेल की भूमि लंबे समय से चर्चा का विषय रही है। स्थानीय नागरिकों, बुद्धिजीवियों एवं विभिन्न सामाजिक संगठनों द्वारा समय-समय पर यह अपेक्षा व्यक्त की जाती रही है कि इस महत्वपूर्ण एवं ऐतिहासिक भूमि का उपयोग जनहित एवं जनोपयोगी परियोजनाओं के लिए किया जाए। जनसामान्य के बीच यह भी आशंका व्यक्त की जाती रही कि यदि इस भूमि का सुनियोजित विकास नहीं हुआ तो भविष्य में इस पर अवैध कब्जे अथवा भू-माफियाओं की नजर पड़ सकती है।
आजमगढ़ के मूल निवासी एवं प्रदेश सरकार में कारागार मंत्री दारा सिंह चौहान ने जनपद के विकास को सदैव प्राथमिकता दी है। छात्र राजनीति से अपने सार्वजनिक जीवन की शुरुआत करने वाले श्री चौहान सदस्य जिला पंचायत से लेकर लोकतंत्र के विभिन्न सदनों का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं। अपने राजनीतिक एवं प्रशासनिक अनुभव के बल पर उन्होंने पूर्व एवं वर्तमान कार्यकाल में जनपद को अनेक विकासात्मक सौगातें प्रदान की हैं।
बताया जाता है कि कारागार मंत्री का दायित्व ग्रहण करने के बाद से ही दारा सिंह चौहान पुरानी जिला कारागार की भूमि के भविष्य को लेकर गंभीर रहे हैं। उन्होंने इस संबंध में कई अवसरों पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से चर्चा कर जनपदवासियों की भावनाओं एवं अपेक्षाओं से अवगत कराया।
13 जून 2026 को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आजमगढ़ आगमन के अवसर पर आयोजित जनसभा में अपने संबोधन के दौरान दारा सिंह चौहान ने पुरानी जेल की भूमि के संबंध में विषय उठाते हुए मुख्यमंत्री से अनुरोध किया कि इस महत्वपूर्ण स्थल पर जनहित के अनुरूप कोई ऐसी परियोजना विकसित की जाए जो आजमगढ़ की पहचान बने तथा आने वाली पीढ़ियों के लिए उपयोगी सिद्ध हो।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने संबोधन में इस विषय को गंभीरता से लेते हुए मंत्री दारा सिंह चौहान के प्रस्ताव एवं जनभावनाओं का सम्मान किया। उन्होंने जिलाधिकारी आजमगढ़ को निर्देशित किया कि पुरानी जेल की भूमि के उपयोग संबंधी विस्तृत प्रस्ताव शीघ्र तैयार कर शासन को उपलब्ध कराया जाए। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि प्रस्ताव प्राप्त होने के उपरांत आवश्यक निर्णय लेते हुए परियोजना का शिलान्यास कराया जाएगा तथा विकास कार्य पूर्ण कर इसे जनसामान्य को समर्पित किया जाएगा।
मुख्यमंत्री की इस घोषणा के बाद जनपद में व्यापक स्तर पर सकारात्मक प्रतिक्रिया देखने को मिल रही है। विभिन्न सामाजिक संगठनों, प्रबुद्ध नागरिकों एवं आम जनमानस ने इस पहल का स्वागत करते हुए इसे आजमगढ़ के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया है। लोगों का मानना है कि पुरानी जेल की भूमि पर जनोपयोगी परियोजना विकसित होने से न केवल शहर की सुंदरता एवं आधारभूत सुविधाओं में वृद्धि होगी, बल्कि यह स्थल जनपद की नई पहचान के रूप में भी स्थापित होगा। जनपदवासियों ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ एवं कारागार मंत्री दारा सिंह चौहान के प्रति आभार व्यक्त करते हुए उम्मीद जताई है कि यह महत्वाकांक्षी योजना शीघ्र धरातल पर उतरेगी और आजमगढ़ को एक नई विकासात्मक सौगात प्राप्त होगी।


