TRENDING TAGS :
Azamgarh News: सरकारी धन के दुरुपयोग मामले में जिला समाज कल्याण अधिकारी गिरफ्तार, पुलिस ने भेजा जेल
Azamgarh News: आजमगढ़ में सरकारी धन के दुरुपयोग के मामले में जिला समाज कल्याण अधिकारी को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने कार्रवाई के बाद आरोपी को जेल भेज दिया है।
Azamgarh News(Photo-Social Media)
Azamgarh News: आजमगढ़ जनपद में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए समाज कल्याण विभाग में सरकारी धन के दुरुपयोग के मामले में जिला समाज कल्याण अधिकारी राजेश चौधरी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। यह कार्रवाई नगर कोतवाली में दर्ज प्राथमिकी के आधार पर की गई। उन पर शासन द्वारा वेतन भुगतान पर रोक लगाए जाने के बावजूद 10 शिक्षकों को वेतन जारी करने का आरोप है।
डीडी समाज कल्याण की ओर से दर्ज कराई गई थी एफआईआर
बताया जा रहा है कि डीडी समाज कल्याण आर.के. चौरसिया की ओर से जिला समाज कल्याण अधिकारी राजेश चौधरी और पटल सहायक सत्येंद्र बहादुर सिंह के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई गई थी। शिकायतकर्ता अरुण कुमार सिंह ने 20 फरवरी को दिए गए प्रार्थना पत्र में आरोप लगाया था कि दोनों अधिकारियों ने शासनादेश की अनदेखी करते हुए अवैध रूप से नियुक्त सहायक अध्यापकों को वेतन जारी कर सरकारी धन का दुरुपयोग किया।
मंडलायुक्त के निर्देश पर गठित हुई जांच समिति
मामले की गंभीरता को देखते हुए मंडलायुक्त के निर्देश पर जिलाधिकारी रविंद्र कुमार ने मुख्य विकास अधिकारी की अध्यक्षता में जांच समिति गठित की थी। इस समिति में जिला विकास अधिकारी और मुख्य कोषाधिकारी को भी शामिल किया गया। जांच के दौरान संबंधित अधिकारियों, शिकायतकर्ता और अभिलेखों का परीक्षण किया गया।
जांच में सामने आई 51 लाख से ज्यादा भुगतान की बात
जांच रिपोर्ट में सामने आया कि कुछ सहायक अध्यापकों की नियुक्तियां अवैध थीं और शासन ने उनके वेतन भुगतान पर रोक लगा दी थी। इसके बावजूद करीब 51.46 लाख रुपये का भुगतान कर दिया गया। जांच में कुल 10 शिक्षकों को अनियमित रूप से वेतन जारी किए जाने की पुष्टि हुई। डीएम ने जांच रिपोर्ट शासन को भेजते हुए कार्रवाई की संस्तुति की थी। इसके बाद 8 मई को नगर कोतवाली में प्राथमिकी दर्ज की गई।
कुंवर सिंह उद्यान के पास से हुई गिरफ्तारी
बुधवार सुबह पुलिस ने जिला समाज कल्याण अधिकारी राजेश चौधरी को कुंवर सिंह उद्यान के पास से गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद उन्हें न्यायालय में पेश किया गया, जहां से रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
एसपी सिटी ने दी जानकारी
एसपी सिटी मधुबन कुमार सिंह ने बताया कि शासन की रोक के बावजूद 10 अवैध शिक्षकों को वेतन जारी करने के मामले में एफआईआर दर्ज की गई थी। उसी क्रम में बुधवार को जिला समाज कल्याण अधिकारी को गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया।


