TRENDING TAGS :
Aazamgarh News: आजमगढ़ में सरकारी डॉक्टरों की प्राइवेट प्रैक्टिस के विरोध में भारत रक्षा दल ने दिया
Aazamgarh News: आजमगढ़ में भारत रक्षा दल ने सरकारी डॉक्टरों पर प्राइवेट प्रैक्टिस और मरीजों के शोषण का आरोप लगाते हुए चिकित्सा विभाग को ज्ञापन सौंपा।
Aazamgarh News(Photo-Social Media)
Aazamgarh News: जनपद में सरकारी अस्पतालों में इलाज की बदहाल व्यवस्था और सरकारी डॉक्टरों द्वारा कथित प्राइवेट प्रैक्टिस के विरोध में भारत रक्षा दल के कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन कर ज्ञापन सौंपा। कार्यकर्ताओं ने जिलाध्यक्ष रवि प्रकाश के नेतृत्व में अपर निदेशक चिकित्सा मंडल, आजमगढ़ को ज्ञापन देकर कार्रवाई की मांग की। कार्यकर्ताओं का आरोप है कि सरकारी अस्पतालों में मरीजों को उचित इलाज नहीं मिल रहा है। इलाज के अभाव में मरीजों को रेफर कर दिया जाता है, जिससे कई बार रास्ते में ही उनकी मौत हो जाती है। वहीं कुछ सरकारी डॉक्टर निजी क्लीनिक और अस्पताल संचालित कर मरीजों से मनमानी फीस वसूल रहे हैं।
मरीजों के शोषण का आरोप
ज्ञापन में आरोप लगाया गया कि सरकारी अस्पतालों के कुछ डॉक्टर और उनके दलाल मरीजों को निजी अस्पतालों में भेजते हैं, जहां उनका आर्थिक शोषण किया जाता है। कई परिवारों को इलाज के लिए अपनी जमीन-जायदाद तक बेचनी पड़ रही है। भारत रक्षा दल के कार्यकर्ताओं ने कहा कि कुछ माह पहले माननीय उच्च न्यायालय के आदेश पर चिकित्सा सचिव द्वारा डॉक्टरों से प्राइवेट प्रैक्टिस न करने संबंधी शपथ पत्र लेने के निर्देश दिए गए थे, लेकिन इसका पालन केवल कागजों तक सीमित रह गया है।
कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन की चेतावनी
कार्यकर्ताओं ने कहा कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो वे स्वास्थ्य मंत्री और न्यायालय की शरण लेंगे। अपर निदेशक चिकित्सा मंडल ने मामले में कार्रवाई का आश्वासन देते हुए कहा कि एक सप्ताह में प्रभाव दिखाई देगा। ज्ञापन देने वालों में धर्मवीर शर्मा, राजन अस्थाना, जैनेंद्र चौहान, हिमांशु सिंह और चंद्रप्रकाश मौर्य समेत कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।


