Azamgarh News :तेज रफ्तार की कार ने बाइक सवार मां- बेटे को मारी टक्कर, दोनों की दर्दनाक मौत

Azamgarh News: आजमगढ़ में शादी के निमंत्रण में जा रहे मां-बेटे की बाइक को तेज रफ्तार कार ने टक्कर मार दी। हादसे के बाद मौके पर ऐसा मंजर दिखा कि हर कोई स्तब्ध रह गया।

Shravan Kumar
Published on: 26 Nov 2026 9:50 PM IST (Updated on: 26 Nov 2026 9:52 PM IST)
Azamgarh News :तेज रफ्तार की कार ने बाइक सवार मां- बेटे को मारी टक्कर, दोनों की दर्दनाक मौत
X

Azamgarh News: 26 नवम्बर आजमगढ़ जनपद के फूलपुर कोतवाली क्षेत्र के पलिया कुंवर नदी के पास पेट्रोल पंप के सामने बाइक सवार मां-बेटे को तेज रफ्तार की कार ने टक्कर मार दी। इस सड़क दुर्घटना में दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक सरायमीर में अपने रिश्तेदार के घर शादी के निमंत्रण में शामिल होने जा रहे थे।

जानकारी के अनुसार मृतक सैदपुर गांव निवासी प्रमिला (45) और उनका बेटा नीरज (19) थे। जानकारी के अनुसार, प्रमिला अपने बेटे नीरज के साथ बाइक से सरायमीर जा रही थीं। रास्ते में तेज रफ्तार कार ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी भीषण थी कि मां-बेटे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए और उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद कार चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई। फूलपुर कोतवाली पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर कोतवाली ले गई।

पुलिस ने मामले में विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। मृतका प्रमिला के परिवार में दो बेटे और एक बेटी हैं। उनके बड़े बेटे प्रिंस (22) और बेटी रागिनी (26) हैं। हादसे में दूसरे बेटे नीरज की भी मौत होने से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। प्रमिला के पति सुशील पहले मुंबई में रहते थे, लेकिन कुछ दिनों से घर पर ही रह रहे हैं।

मां-बेटे की मौत की खबर मिलते ही घर में चीख-पुकार मच गई। कोतवाली प्रभारी देवेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। वाहन को थाने लाया गया है, चालक की तलाश जारी है।

तहरीर मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में भी इस दर्दनाक हादसे को लेकर शोक का माहौल है। मामले की जांच की जा रही है। पुलिस फरार कार चालक की तलाश में जुटी है।

Shravan Kumar
ABOUT THE AUTHOR

Shravan Kumar

Azamgarh Reportershrawan5384@gmail.com

Experience - 10 Years Print Media

Next Story