Azamgarh News: सावधान! ये हैं महिला चोर गैंग की पांच शातिर सदस्य, मंगलसूत्र और नकदी पर रखती थीं नजर

Azamgarh News: पुलिस ने मंगलसूत्र और नकदी चोरी करने वाली पांच शातिर महिलाओं को गिरफ्तार किया। आरोपितों के कब्जे से चोरी का सामान भी बरामद हुआ।

Shravan Kumar
Published on: 24 May 2026 4:22 PM IST
Azamgarh News
X

Azamgarh News (Social Media)

Azamgarh News: जिले में महिलाओं और ग्रामीण परिवारों को निशाना बनाकर चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले एक महिला गैंग का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। महराजगंज थाना पुलिस ने पांच शातिर महिलाओं को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी किया गया मंगलसूत्र और नकदी बरामद की है। पुलिस का दावा है कि यह गैंग भीड़भाड़ वाले बाजारों और सार्वजनिक स्थानों पर महिलाओं के पर्स व आभूषणों पर नजर रखकर वारदात को अंजाम देता था।

पुलिस के अनुसार मड़छा हरिबल्लभ गांव निवासी चन्द्रमती पत्नी रामप्रीत राम ने 23 मई को महराजगंज थाने में तहरीर देकर बताया था कि कुछ महिलाओं ने उनके पर्स से मंगलसूत्र और 5 हजार रुपये चोरी कर लिए। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने तत्काल मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।

जांच के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि चोरी की घटना में शामिल महिलाएं सरैया बाजार क्षेत्र में मौजूद हैं। इसके बाद प्रभारी निरीक्षक अनुराग कुमार के नेतृत्व में गठित टीम ने घेराबंदी कर पांचों आरोपित महिलाओं को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान चोरी किया गया मंगलसूत्र और पूरी नकदी बरामद कर ली गई।

गिरफ्तार महिलाओं की पहचान राजकुमारी पत्नी धारा प्रसाद निवासी पाउस थाना दोहरीघाट (मऊ), उर्मिला पत्नी छांगुर निवासी पाउस (मऊ), गीता उर्फ चन्दा पत्नी जितेन्द्र निवासी सिधुवापार थाना बड़हलगंज (गोरखपुर), सोनम उर्फ रानू पत्नी पंकज उर्फ दीपचन्द निवासी पाउस (मऊ) तथा संध्या पत्नी सुग्रीव निवासी कोहरी कोहरा थाना गोला (गोरखपुर) के रूप में हुई है।

बरामदगी के दौरान राजकुमारी के पास से मंगलसूत्र और 700 रुपये, उर्मिला के पास से 900 रुपये, गीता उर्फ चन्दा से 1100 रुपये, सोनम उर्फ रानू से 1000 रुपये और संध्या के पास से 1300 रुपये बरामद हुए।

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार गैंग की सदस्य राजकुमारी के खिलाफ पूर्व में भी चोरी से जुड़े मामले दर्ज हैं। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि यह महिला गिरोह अन्य जिलों में भी ऐसी घटनाओं में शामिल रहा है या नहीं।

पुलिस अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि बाजारों, मेलों और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर अपने पर्स, नकदी और कीमती आभूषणों को लेकर विशेष सतर्कता बरतें। महिलाओं के इस संगठित गिरोह की गिरफ्तारी को पुलिस ने अपराध नियंत्रण की दिशा में महत्वपूर्ण सफलता बताया है।

Ramkrishna Vajpei

Ramkrishna Vajpei

Mail ID - rkvajpei@gmail.com

An innovative journalist with great ideas

Next Story