TRENDING TAGS :
Baghpat News: नलकूप पर सो रहा था 92 वर्षीय अविवाहित किसान, सिर, चेहरे और कमर पर किए वार
Baghpat News: छछरपुर गांव के जंगल में नलकूप के पास मिला बुजुर्ग किसान का शव, पुलिस ने जांच के लिए टीम गठित कर हमलावरों की तलाश शुरू की।
नलकूप पर सो रहा था 92 वर्षीय अविवाहित किसान, सिर, चेहरे और कमर पर किए वार (Photo- Newstrack)
Baghpat News: बडौत कोतवाली क्षेत्र के छछरपुर गांव के जंगल में रविवार देर रात 92 वर्षीय अविवाहित बुजुर्ग किसान इंद्र की धारदार हथियार से हमला कर हत्या कर दी गई। सोमवार सुबह उनका शव छछरपुर-गुंगाखेड़ी मार्ग स्थित खेत में नलकूप के पास खून से लथपथ हालत में पड़ा मिला। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस में हड़कंप मच गया। दोपहर में एसपी सूरज कुमार राय ने घटनास्थल पर पहुंचकर जानकारी ली और ग्रामीणों से पूछताछ की।
नलकूप पर सोने गए थे बुजुर्ग
छछरपुर गांव निवासी इंद्र पुत्र श्योराण की शादी नहीं हुई थी। वह अपने भतीजे चंद्रपाल के साथ रहते थे। गांव के बाहर छछरपुर-गुंगाखेड़ी मार्ग पर स्थित उनके खेत में नलकूप लगा हुआ था। इंद्र ज्यादातर समय खेत पर ही रहते थे और नलकूप में बने कमरे में सोते थे। रविवार रात भी वह नलकूप पर सोने गए थे। इसी दौरान अज्ञात हमलावरों ने उन पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। हमलावरों ने उनके सिर, चेहरे और कमर पर वार किए।
ग्रामीणों ने खेत में पड़ा देखा शव
सोमवार सुबह गुंगाखेड़ी के कुछ ग्रामीण मार्ग से गुजर रहे थे। इसी दौरान उन्होंने नलकूप के पास खेत में इंद्र का शव पड़ा देखा। ग्रामीणों ने खेत के पड़ोसी विवेक को घटना की जानकारी दी। विवेक ने तत्काल परिजनों को सूचना दी। कुछ देर बाद पुलिस और परिजन मौके पर पहुंच गए। इंस्पेक्टर दीक्षित कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और परिजनों से जानकारी ली। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
भतीजे ने दी तहरीर, रंजिश से किया इनकार
मृतक के भतीजे चंद्रपाल ने अज्ञात हमलावरों के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी है। उसने किसी से रंजिश होने से इनकार किया है। चंद्रपाल के मुताबिक उसके पिता तीन भाई थे और इंद्र सबसे छोटे थे। शादी नहीं होने के कारण इंद्र उनके साथ ही रहते थे। उनका ज्यादातर समय खेत पर गुजरता था। वह कभी-कभी गांव में खाना खाने आते थे, जबकि अधिकांश समय उनका खाना खेत पर ही पहुंचाया जाता था।
हमलावरों की तलाश में जुटी पुलिस
बुजुर्ग किसान की हत्या की खबर से परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस घटना के कारणों और हमलावरों की पहचान के लिए जांच कर रही है। सीओ अंशु जैन ने बताया कि सभी बिंदुओं पर जांच-पड़ताल की जा रही है। हत्यारों को पकड़ने के लिए टीम गठित की गई है और जल्द ही उन्हें पुलिस की गिरफ्त में लेने की बात कही गई है।


