TRENDING TAGS :
Baghpat News: कस्टम अधिकारी के घर हमला, CCTV में कैद हुई लाठी-डंडों की मारपीट
Baghpat News: बागपत के बड़ौत में कस्टम अधिकारी सारिक मलिक के घर हमला हुआ। CCTV वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस जांच में जुटी, परिवार ने कार्रवाई मांगी।
Baghpat News: बागपत के बड़ौत थाना क्षेत्र की पट्टी मेहर में कस्टम विभाग के अधिकारी सारिक मलिक के घर हुए हमले का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में कुछ लोग घर में घुसकर जमकर हंगामा करते और लाठी-डंडों से मारपीट करते दिखाई दे रहे हैं। घटना को लेकर इलाके में चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है। वहीं पीड़ित परिवार ने पुलिस से आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
पारिवारिक विवाद के बीच घर पहुंचे मायके पक्ष के लोग
जानकारी के अनुसार पट्टी मेहर निवासी सारिक मलिक कस्टम विभाग में अधिकारी हैं। बताया जा रहा है कि उनका अपनी पत्नी के साथ काफी समय से पारिवारिक विवाद चल रहा था। आरोप है कि इसी विवाद के चलते 24 मई को उनकी पत्नी के मायके पक्ष के कई लोग अचानक उनके घर पहुंच गए।
परिवार का आरोप है कि घर पहुंचने के बाद आरोपियों ने जमकर हंगामा किया और घर में घुसकर तोड़फोड़ शुरू कर दी। जब परिवार के लोगों ने इसका विरोध किया तो मामला और बढ़ गया। आरोप है कि इस दौरान सारिक मलिक के चाचा आरिफ पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया गया। घटना के दौरान घर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई पूरी घटना
बताया जा रहा है कि घर के पास लगे सीसीटीवी कैमरों में पूरी घटना कैद हो गई। अब यही वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में साफ दिखाई दे रहा है कि कुछ लोग आक्रामक तरीके से घर में घुसकर मारपीट कर रहे हैं। मौके पर मौजूद लोग इधर-उधर भागते नजर आ रहे हैं और पूरे इलाके में तनाव जैसा माहौल दिखाई दे रहा है। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस भी हरकत में आ गई है और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
परिवार ने पुलिस कार्रवाई पर उठाए सवाल
सारिक मलिक के पिता साबिर मलिक ने बताया कि हमलावर सीसीटीवी कैमरों में साफ दिखाई दे रहे हैं। इसके बावजूद पुलिस ने केवल शांतिभंग की धाराओं में चालान कर मामले को हल्का करने की कोशिश की है। उन्होंने कहा कि परिवार पुलिस की इस कार्रवाई से संतुष्ट नहीं है। साबिर मलिक का कहना है कि परिवार जल्द ही पूरे मामले की शिकायत लेकर एसपी बागपत से मुलाकात करेगा और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करेगा।
पुलिस ने जांच के बाद कार्रवाई की कही बात
वहीं इस पूरे मामले में बड़ौत कोतवाली इंस्पेक्टर दीक्षित कुमार त्यागी का कहना है कि वायरल वीडियो की जांच कराई जा रही है। उन्होंने कहा कि जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


