Baghpat News: 200 किलो संदिग्ध मिलावटी घी जब्त, मिड-डे मील किचन से भी लिए गए खाद्य पदार्थों के नमूने

Baghpat News: बागपत में खाद्य सुरक्षा विभाग और बड़ौत पुलिस की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए 200 किलो संदिग्ध घी जब्त किया। इसके साथ ही मिड-डे मील की सेंट्रल किचन से आटा, दाल और चावल के नमूने भी जांच के लिए लिए गए।

Paras Jain
Published on: 28 July 2026 6:24 PM IST
Baghpat News: 200 किलो संदिग्ध मिलावटी घी जब्त, मिड-डे मील किचन से भी लिए गए खाद्य पदार्थों के नमूने
X

Baghpat News

Baghpat News: बागपत जिले में खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन और बड़ौत पुलिस की संयुक्त टीम ने मिलावटी खाद्य पदार्थों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 200 किलोग्राम संदिग्ध घी जब्त किया है। घी का नमूना जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है। इसके साथ ही टटीरी स्थित मिड-डे मील की सेंट्रल किचन से आटा, दाल और चावल के नमूने भी लिए गए हैं।

दरअसल, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन और थाना बड़ौत पुलिस की संयुक्त टीम ने छपरौली चुंगी पर चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान हरियाणा नंबर की एक ईको कार को रोककर जांच की गई। कार में सवार तीन लोग मुजफ्फरनगर के शाहपुर से हरियाणा के सोनीपत की ओर पांच ड्रमों में करीब 200 किलोग्राम घी लेकर जा रहे थे।जांच के दौरान घी की गुणवत्ता संदिग्ध पाए जाने पर टीम ने उसका विधिक नमूना लिया और करीब 1.30 लाख रुपये मूल्य का पूरा घी जब्त कर लिया। सभी नमूनों को जांच के लिए खाद्य प्रयोगशाला भेजा गया है। जांच रिपोर्ट आने के बाद नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

इसी अभियान के तहत खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने अग्रवाल मंडी टटीरी स्थित ग्रामीण विकास सेवा संस्थान की सेंट्रल किचन का भी निरीक्षण किया। यहां प्राथमिक और पूर्व माध्यमिक विद्यालयों में भेजे जाने वाले मिड-डे मील के लिए तैयार आटा, दाल और चावल के तीन विधिक नमूने लिए गए। इन नमूनों को भी जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा जा रहा है।इस संयुक्त कार्रवाई में सहायक आयुक्त (खाद्य) द्वितीय डीपी सिंह, मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी राजेश कुमार, खाद्य सुरक्षा अधिकारी यज्ञदत्त आर्य, निधि रानी, बड़ौत थाना प्रभारी निरीक्षक दीक्षित कुमार सहित पुलिस बल मौजूद रहा।खाद्य सुरक्षा विभाग का कहना है कि जांच रिपोर्ट आने के बाद दोषियों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Paras Jain
ABOUT THE AUTHOR

Paras Jain

वरिष्ठ संवाददाता, बागपतBaghpatParasJain@nestracksite.vocalwire.com
Next Story