Baghpat News: कब्जा हटाने की मांग को लेकर महिलाओं का प्रदर्शन, बिनौली रोड पर लगा जाम

Baghpat News: बागपत के बड़ौत में सड़क किनारे कब्जा हटाने की मांग को लेकर महिलाओं ने भीषण गर्मी में सड़क पर धरना दिया और जाम लगा दिया। प्रशासन के आश्वासन के बाद प्रदर्शन शांत कराया गया।

Paras Jain
Published on: 20 May 2026 4:33 PM IST
Baghpat News: कब्जा हटाने की मांग को लेकर महिलाओं का प्रदर्शन, बिनौली रोड पर लगा जाम
X

Baghpat News

Baghpat News: बागपत के बड़ौत कोतवाली क्षेत्र के बिनौली रोड पर बुधवार को सड़क किनारे किए गए कथित कब्जों को हटाने की मांग को लेकर स्थानीय महिलाओं ने जोरदार प्रदर्शन किया और सड़क पर जाम लगा दिया। भीषण गर्मी और तेज धूप के बावजूद बड़ी संख्या में महिलाएं छतरियां लेकर सड़क पर धरने पर बैठ गईं, जिससे यातायात पूरी तरह प्रभावित हो गया और सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।

प्रदर्शनकारी महिलाओं का आरोप था कि सड़क किनारे किए गए कब्जों की वजह से आम लोगों को रोजाना भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उनका कहना था कि रास्ता संकरा होने से आने-जाने में दिक्कत होती है और कई बार दुर्घटना का खतरा भी बना रहता है। महिलाओं ने प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि कई बार शिकायत करने के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई, जिससे लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।आक्रोशित महिलाओं ने सड़क पर बैठकर नारेबाजी की और कब्जा हटाने की मांग को लेकर प्रशासन के खिलाफ विरोध जताया। प्रदर्शन के कारण बिनौली रोड पर यातायात बाधित हो गया। गर्मी के बीच जाम में फंसे वाहन चालकों और राहगीरों को भी काफी परेशानी उठानी पड़ी।

सूचना मिलते ही बड़ौत शहर कोतवाली पुलिस भी मौके पर पहुंची और महिलाओं को समझाने का प्रयास किया। बताया गया कि पहले भी इस मामले में कुछ लोगों से मुचलके भरवाए गए थे, लेकिन इसके बावजूद समस्या का समाधान नहीं होने पर महिलाओं ने दोबारा धरना शुरू कर दिया।मामले की गंभीरता को देखते हुए पीडब्ल्यूडी विभाग के अधिकारी और बड़ौत तहसीलदार भी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने प्रदर्शनकारी महिलाओं से वार्ता कर उनकी शिकायतें सुनीं और उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया। अधिकारियों के आश्वासन के बाद महिलाओं को शांत कराया गया और जाम खुलवाने की प्रक्रिया शुरू हुई।स्थानीय लोगों ने प्रशासन से जल्द कार्रवाई कर सड़क को कब्जामुक्त कराने की मांग की, ताकि भविष्य में इस तरह की स्थिति दोबारा न बने।

Shalini singh

Shalini singh

Mail ID - Shalinisingh34678346@gmail.com

Next Story