TRENDING TAGS :
Baghpat News: बुलडोजर की बकेट से पुष्पवर्षा कर भाजपा के पश्चिमी यूपी अध्यक्ष नवाब सिंह नागर का स्वागत
Baghpat News: बागपत में भाजपा के पश्चिमी उत्तर प्रदेश अध्यक्ष नवाब सिंह नागर का बुलडोजर की बकेट से पुष्पवर्षा कर अनोखा स्वागत किया गया, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
Baghpat News
Baghpat News: भाजपा के पश्चिमी उत्तर प्रदेश के नवनियुक्त अध्यक्ष नवाब सिंह नागर का बागपत जनपद में पहली बार आगमन यादगार बन गया। शामली से बागपत - बड़ौत पहुंचने पर पार्टी कार्यकर्ताओं ने उनका ऐसा स्वागत किया, जिसने हर किसी का ध्यान अपनी ओर खींच लिया। अपराधियों पर कार्रवाई का प्रतीक माना जाने वाला बुलडोजर इस बार सम्मान और अभिनंदन का माध्यम बना। बुलडोजर की बकेट से नवाब सिंह नागर पर फूलों की बारिश की गई, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
देर रात बड़ौत के शहीद पार्क पर आयोजित स्वागत कार्यक्रम में भाजपा कार्यकर्ताओं का भारी उत्साह देखने को मिला। जैसे ही नवाब सिंह नागर का काफिला कार्यक्रम स्थल पर पहुंचा, पहले फूल-मालाओं से उनका स्वागत किया गया और फिर बुलडोजर की बकेट में भरे पुष्प उन पर बरसाए गए। फूलों की वर्षा के बीच कार्यकर्ताओं ने जोरदार नारेबाजी कर अपने नए क्षेत्रीय अध्यक्ष का स्वागत किया। पूरे कार्यक्रम के दौरान उत्साह और जोश का माहौल बना रहा।
इस अनूठे स्वागत कार्यक्रम की अगुवाई बड़ौत नगर पालिका परिषद के पूर्व चेयरमैन डॉ. अमित राणा ने की। उनके नेतृत्व में बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता स्वागत समारोह में शामिल हुए। बुलडोजर से की गई पुष्पवर्षा कार्यक्रम का सबसे आकर्षक क्षण रही, जिसे देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग मौके पर मौजूद रहे।
उत्तर प्रदेश की राजनीति में बुलडोजर लंबे समय से एक चर्चित राजनीतिक प्रतीक रहा है। ऐसे में उसी बुलडोजर का स्वागत मंच पर सम्मान के प्रतीक के रूप में इस्तेमाल होना लोगों के बीच चर्चा का विषय बन गया। कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने इस अनोखे अंदाज का स्वागत किया, जबकि कई लोगों ने इसे संगठन के प्रति कार्यकर्ताओं के उत्साह और नए नेतृत्व के सम्मान का प्रतीक बताया।
स्वागत समारोह का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। बुलडोजर से फूलों की बारिश का यह दृश्य पूरे बागपत ही नहीं, पश्चिमी उत्तर प्रदेश की राजनीतिक गलियारों में भी चर्चा का विषय बना हुआ है। देर रात तक चले इस कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं का उत्साह देखते ही बन रहा था।


