TRENDING TAGS :
Baghpat News: बागपत में बच्चों को गर्मी से राहत, स्कूलों और आंगनवाड़ियों में शुरू हुई कूल रूफिंग पहल
Baghpat News: बागपत में बढ़ती गर्मी और हीटवेव से बच्चों को बचाने के लिए स्कूलों और आंगनवाड़ियों में कूल रूफिंग पहल शुरू की गई है। इस योजना से कक्षाओं का तापमान कम होगा और पढ़ाई का माहौल बेहतर बनेगा।
Baghpat News: बढ़ती गर्मी और बार-बार पड़ रही हीटवेव की चुनौती से निपटने के लिए बागपत में स्कूलों और आंगनवाड़ियों के लिए जिलाव्यापी कूल रूफिंग पहल की शुरुआत एक नई उम्मीद बनकर उभरी है। जिलाधिकारी अस्मिता लाल की पहल के तहत जिले में बच्चों को गर्मी से राहत देने और शिक्षण माहौल को बेहतर बनाने की दिशा में यह अभिनव कदम उठाया गया है।
इस पहल के तहत सरकारी स्कूलों और आंगनवाड़ियों की कंक्रीट छतों पर सफेद परावर्तक कोटिंग की जाएगी, जिससे सूर्य की गर्मी का अवशोषण कम होगा और कमरों का तापमान 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक घटाने में मदद मिलेगी। इसके साथ ही स्कूल परिसरों में बांस और हरित छायादार संरचनाएं विकसित की जाएंगी, कक्षाओं के आसपास वृक्षारोपण होगा तथा रूफटॉप सोलर और कूल रूफ मॉडल को एक साथ जोड़ने की भी योजना है। जिला प्रशासन द्वारा दी गयी जानकारी के अनुसार, इस पहल की शुरुआत प्राथमिक विद्यालयों और आंगनवाड़ियों से की जाएगी, जहां छोटे बच्चों पर गर्मी का असर सबसे अधिक पड़ता है। हस्तक्षेप से पहले और बाद में तापमान की निगरानी भी की जाएगी ताकि इसके प्रभाव का वैज्ञानिक आकलन किया जा सके। वहीं जानकारों का मानना है कि कूल रूफिंग से कक्षा में गर्मी का तनाव कम होगा, बच्चों की उपस्थिति सुधरेगी, पढ़ाई में एकाग्रता बढ़ेगी और बिजली की खपत में कमी आएगी। इससे हीटवेव के दौरान स्कूलों की कार्यक्षमता भी बेहतर बनी रहेगी।
जिलाधिकारी अस्मिता लाल की इस पहल को जलवायु अनुकूलन और बाल कल्याण के संगम के रूप में देखा जा रहा है। शिक्षा, जल शक्ति और नवीकरणीय ऊर्जा विभागों के अभिसरण के साथ यह मॉडल बागपत को पश्चिमी उत्तर प्रदेश में जलवायु-संवेदनशील प्रशासन की दिशा में एक नई पहचान दे सकता है। शुरुआती स्तर पर मिली सकारात्मक प्रतिक्रिया ने इस पहल को जिले के लिए एक मिसाल बनने की उम्मीद बढ़ा दी है।


