TRENDING TAGS :
Baghpat News: जानवर नहीं परिवार है, घोड़ी के बच्चे के जन्म पर ऐसा उत्सव देखा नहीं होगा
Baghpat News: परिवार ने वर्षों पहले एक घोड़ी खरीदी थी, जिसने ‘मनु’ नाम की मादा घोड़ी को जन्म दिया।
घोड़ी के बच्चे के जन्म पर ऐसा उत्सव देखा नहीं होगा (photo: social media )
Baghpat News: बुधवार को बागपत जिले के टिकरी कस्बे में एक ऐसा नजारा देखने को मिला जिसने सभी को हैरान कर दिया। यहां एक घोड़ी के बच्चे का कुआं पूजन ऐसे धूमधाम से किया गया मानो किसी इंसानी बच्चे का जन्मोत्सव हो। डीजे की तेज धुनों पर थिरकती महिलाएं, डिस्को करते युवा और सजधज कर निकलता जुलूस – पूरा माहौल उत्सव में डूबा नजर आया।
दीपक नामक युवक के परिवार ने वर्षों पहले एक घोड़ी खरीदी थी, जिसने ‘मनु’ नाम की मादा घोड़ी को जन्म दिया। कुछ समय बाद उनकी दूसरी घोड़ी ‘लक्ष्मी’ की मौत हो गई। इसके बाद परिवार ने ‘मनु’ को अपने बच्चे की तरह पाला। समय बीतने के साथ मनु परिवार का अहम हिस्सा बन गई। परिवार ने पहले ही तय कर लिया था कि जब मनु संतान देगी तो उसका कुआं पूजन खास तरीके से करेंगे। इसी महीने जन्माष्टमी के दिन मनु ने एक मादा बच्चे को जन्म दिया, जिसका नाम ‘राधा’ रखा गया। तय तारीख पर राधा का कुआं पूजन पूरे रीति-रिवाजों के साथ हुआ।
महिलाओं और पुरुषों ने डीजे की धुन पर नाचे
राधा और उसकी मां मनु को फूलों से सजाकर जुलूस के रूप में मंदिर ले जाया गया। महिलाओं और पुरुषों ने डीजे की धुन पर नाचते-गाते मंदिर तक पहुंचकर पूजा की। इसके बाद गांव में दावत का आयोजन किया गया जिसमें सभी ग्रामीणों को आमंत्रित किया गया। पशु के जन्म पर इतना भव्य आयोजन देख लोग अचंभित रह गए। यह अनोखा जश्न पूरे इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है।


