Baghpat: बागपत में भीषण अग्निकांड ---- आग में जिंदा जलीं मां-बेटी, परिवार को बचाने में बेटा गंभीर

Baghpat News: खेकड़ा में दुकान के ऊपर बने घर में लगी विकराल आग। सिलेंडर ब्लास्ट से दहला इलाका, स्वाति और 6 साल की अनन्या की मौत, बेटा दिल्ली रेफर।

Paras Jain
Published on: 8 Oct 2026 10:55 AM IST
Baghpat: बागपत में भीषण अग्निकांड ---- आग में जिंदा जलीं मां-बेटी, परिवार को बचाने में बेटा गंभीर
X

Baghpat Cylinder Blast News

Baghpat News: बागपत के खेकड़ा कोतवाली क्षेत्र में गुरुवार को एक भीषण अग्निकांड ने पूरे इलाके को दहला दिया। दुकान के ऊपर बने मकान में अचानक लगी आग देखते ही देखते इतनी विकराल हो गई कि परिवार को संभलने तक का मौका नहीं मिला। इस दर्दनाक हादसे में महिला स्वाति जैन, उम्र करीब 38 वर्ष, और उनकी महज छह साल की बेटी अनन्या जैन की दर्दनाक मौत हो गई।हादसा उस वक्त हुआ जब व्यापारी विनय जैन के परिवार के लोग घर में मौजूद थे।

बताया जा रहा है कि विनय जैन और उनकी पत्नी मंदिर गए हुए थे। इसी दौरान दुकान-मकान में अचानक आग भड़क उठी। आग ने कुछ ही देर में पूरे परिसर को अपनी चपेट में ले लिया और चारों तरफ धुएं का गुबार फैल गया। आग की लपटों के बीच परिवार को बचाने के लिए विनय के बेटे अंकुर जैन ने जान की बाजी लगा दी। परिवार के सदस्यों को बचाने की कोशिश में अंकुर करीब 60 प्रतिशत तक झुलस गए। उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है और प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए दिल्ली रेफर किया गया।

अग्निकांड के दौरान मकान में रखे दो सिलेंडरों में भी धमाके हुए, जिससे राहत और बचाव अभियान और ज्यादा मुश्किल हो गया। आग बुझाने और परिवार को बाहर निकालने की कोशिश में कई अन्य लोग भी झुलस गए।वही सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं। भीषण धुएं और आग के बीच फायरकर्मियों ने मास्क लगाकर मकान के अंदर प्रवेश किया और राहत-बचाव अभियान शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाने का प्रयास किया गया।

स्वाति जैन और छह वर्षीय अनन्या को गंभीर हालत में खेकड़ा सीएचसी पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। इसके बाद दोनों के शवों को शव वाहन से मोर्चरी भेज दिया गया। इस हादसे में परिवार का आठ वर्षीय बेटा श्रेयस बाल-बाल बच गया, क्योंकि वह हादसे के समय स्कूल गया हुआ था। लेकिन एक ही झटके में परिवार ने मां-बेटी को खो दिया और घर में मातम पसर गया।

घटना की जानकारी मिलते ही जिलाधिकारी बागपत दिव्यांशु पटेल ने तत्काल राहत एवं बचाव कार्य तेज करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने पूरे मामले की जांच के भी आदेश दिए हैं, ताकि आग लगने के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा सके। मौके पर एडीएम समेत पुलिस और प्रशासन के कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। फिलहाल पुलिस और प्रशासन की टीमें पूरे घटनाक्रम की जांच में जुटी हैं।

Paras Jain
ABOUT THE AUTHOR

Paras Jain

वरिष्ठ संवाददाता, बागपतBaghpatParasJain@nestracksite.vocalwire.com
Next Story