Baghpat News: डीएम की गाड़ी के आगे लेटे किन्नर, कलेक्ट्रेट में हाई-वोल्टेज हंगामा

Baghpat News: बागपत कलेक्ट्रेट में किन्नर समाज ने डीएम की गाड़ी के सामने विरोध प्रदर्शन किया और न्याय की मांग को लेकर हंगामा किया। मारपीट के वायरल वीडियो के बाद मामला गरमाया, पुलिस जांच में जुटी है।

Paras Jain
Published on: 11 Jun 2026 4:47 PM IST
Baghpat News: डीएम की गाड़ी के आगे लेटे किन्नर, कलेक्ट्रेट में हाई-वोल्टेज हंगामा
X

Baghpat News

Baghpat News: बागपत कलेक्ट्रेट परिसर में उस समय हाई-वोल्टेज ड्रामा देखने को मिला जब किन्नर समाज के लोगों ने डीएम अस्मिता लाल की गाड़ी के सामने जमकर हंगामा किया। आक्रोशित किन्नर डीएम की कार के आगे सड़क पर लेट गए और पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करने लगे। इस दौरान कलेक्ट्रेट परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

बताया जा रहा है कि खेकड़ा क्षेत्र में गुरु निक्की किन्नर के साथ लोनी निवासी मीना किन्नर और उसके साथियों द्वारा की गई मारपीट का वीडियो हाल ही में सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। इस घटना के बाद बागपत के किन्नर समाज में भारी रोष व्याप्त है। किन्नरों का आरोप है कि बाहरी क्षेत्र के किन्नर खेकड़ा में आकर बधाई मांग रहे हैं, जिसका स्थानीय किन्नर समाज लगातार विरोध कर रहा है।आक्रोशित किन्नरों का कहना है कि मारपीट की घटना के बावजूद खेकड़ा पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की। इसी नाराजगी के चलते बड़ी संख्या में किन्नर कलेक्ट्रेट पहुंचे और जिलाधिकारी से न्याय की मांग करने लगे।

विरोध प्रदर्शन के दौरान कुछ किन्नर डीएम की गाड़ी के सामने लेट गए और कार्रवाई होने तक वहां से हटने से इनकार कर दिया। स्थिति को गंभीर होता देख जिलाधिकारी अस्मिता लाल स्वयं मौके पर पहुंचीं और प्रदर्शन कर रहे किन्नरों को समझाने का प्रयास किया। डीएम ने उनकी बात सुनी और मामले की निष्पक्ष जांच तथा उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके बाद किसी तरह स्थिति सामान्य हो सकी।फिलहाल वायरल वीडियो और शिकायतों के आधार पर पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। वहीं, किन्नर समाज आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग पर अड़ा हुआ है।


Paras Jain
ABOUT THE AUTHOR

Paras Jain

Next Story