Baghpat News: बारिश से बिजलीघर में भरा पानी, किशनपुर बिराल की बिजली आपूर्ति ठप

Baghpat News: बागपत के किशनपुर बिराल गांव में बारिश से बिजलीघर में पानी भर गया, बिजली आपूर्ति ठप, जल निकासी की व्यवस्था पर उठे सवाल, वीडियो वायरल।

Paras Jain
Published on: 6 July 2026 10:56 AM IST
Baghpat News: बारिश से बिजलीघर में भरा पानी, किशनपुर बिराल की बिजली आपूर्ति ठप
X

Baghpat News: रविवार को बागपत जनपद में हुई मानसूनी बारिश ने जहां लोगों को गर्मी से राहत दिलाई, वहीं कई स्थानों पर जलभराव की गंभीर समस्या भी खड़ी कर दी। रमाला थाना क्षेत्र के किशनपुर बिराल गांव स्थित बिजलीघर में बारिश का पानी भर जाने से बिजली आपूर्ति पूरी तरह प्रभावित हो गई। बिजलीघर परिसर में जलभराव होने के कारण एहतियातन विद्युत आपूर्ति बंद करनी पड़ी, जिससे गांव और आसपास के क्षेत्रों के उपभोक्ताओं को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है ।


बिजलीघर में भरे पानी का वीडियो किसी स्थानीय व्यक्ति ने बनाकर सोशल मीडिया पर शेयर किया है, जो देखते ही देखते वायरल हो गया। वायरल वीडियो में बिजलीघर परिसर में पानी भरा हुआ दिखाई दे रहा है। वीडियो सामने आने के बाद लोगों ने बिजली व्यवस्था और जल निकासी की तैयारियों पर सवाल उठाए हैं। दरअसल, रविवार को हुई लगातार बारिश के चलते बागपत, बड़ौत और आसपास के कई इलाकों में भी जलभराव की स्थिति देखने को मिली। बड़ौत नगर की कई गलियों और निचले इलाकों में पानी भर गया, जिससे लोगों की आवाजाही प्रभावित हुई।

कई स्थानों पर सड़कें तालाब जैसी नजर आईं और वाहन चालकों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा। वही स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि बारिश के दौरान बिजलीघर में जलभराव होना गंभीर चिंता का विषय है। उनका कहना है कि यदि समय रहते जल निकासी की उचित व्यवस्था नहीं की गई तो भविष्य में बड़ा हादसा भी हो सकता है। लोगों ने बिजली विभाग और प्रशासन से मांग की है कि बिजलीघर परिसर से जल्द पानी निकाला जाए, बिजली आपूर्ति शीघ्र बहाल की जाए तथा ऐसी स्थिति दोबारा न बने, इसके लिए स्थायी समाधान किया जाए।

फिलहाल बिजली विभाग की टीम हालात पर नजर बनाए हुए है और जलभराव कम होने के साथ ही सुरक्षित तरीके से बिजली आपूर्ति बहाल करने के प्रयास किए जा रहे हैं। ग्रामीणों को उम्मीद है कि जल्द ही समस्या का समाधान कर सामान्य विद्युत व्यवस्था बहाल कर दी जाएगी।

Paras Jain
ABOUT THE AUTHOR

Paras Jain

वरिष्ठ संवाददाता, बागपतBaghpatParasJain@nestracksite.vocalwire.com
Next Story