TRENDING TAGS :
Baghpat News : बागपत में लठबाजी का महासंग्राम ---- गली बनी रणभूमि, CCTV में कैद खूनी संघर्ष
Baghpat News : बागपत के बड़ौत में पुरानी रंजिश को लेकर लाठी-डंडों से खूनी संघर्ष, CCTV में कैद घटना में आधा दर्जन लोग घायल।
Baghpat Lathbazi Clash
Baghpat News: बागपत के बड़ौत कोतवाली क्षेत्र में सोमवार देर रात पुरानी रंजिश ने ऐसा विस्फोटक रूप ले लिया कि पूरी गली रणभूमि में तब्दील हो गई। दो पक्षों के बीच शुरू हुई मामूली कहासुनी देखते ही देखते लठबाजी के महासंग्राम में बदल गई। लाठी-डंडे, लोहे की रॉड और लात-घूंसों से हुए इस खूनी संघर्ष में आधा दर्जन लोग घायल हो गए, जिनमें कई के सिर पर गंभीर चोटें आई हैं। घटना के दो CCTV फुटेज भी सामने आए हैं, जिनमें दोनों पक्षों के लोग गली में आमने-सामने खड़े होकर एक-दूसरे पर टूट पड़ते दिखाई दे रहे हैं।
वीडियो में लाठियां हवा में लहराती नजर आ रही हैं जबकि लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागते दिख रहे हैं। मारपीट में घायल लोग कू सिर पकड़े बैठा है तो कोई महिला बेहोश होकर गली के बीचों बीच पड़ी है । पूरे इलाके में कुछ देर के लिए दहशत और अफरा-तफरी का माहौल बन गया। जानकारी के मुताबिक, देर रात किसी बात को लेकर दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। पीड़ितो के अनुसार मामला गाली से शुरू हुआ । विवाद बढ़ने पर एक पक्ष ने अंकित पुत्र हरेंद्र को घेर लिया और उस पर लाठी-डंडों व लोहे की रॉड से हमला कर दिया। इसके बाद दूसरे पक्ष के लोग भी मैदान में उतर आए और देखते ही देखते गली में लठबाजी का महासंग्राम छिड़ गया।
CCTV फुटेज में साफ देखा जा सकता है कि दोनों ओर से लोग एक-दूसरे पर लगातार हमला कर रहे हैं। जिसमे महिलाएं भी शामिल है, कई लोग हाथों में डंडे लेकर दौड़ते दिखाई दे रहे हैं, जबकि कुछ लोग बीच-बचाव की कोशिश भी करते नजर आते हैं। बागपत में हिंसक झड़प में कई लोगों के सिर पर लोहे की रॉड और डंडों से गंभीर चोटें आईं है। घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया जहां उनका उपचार जारी है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हालात पर काबू पाया।
पीड़ित पक्ष की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को हिरासत में ले लिया है। उनकी निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल की गई लोहे की रॉड भी बरामद कर ली गई है। फिलहाल पूरे मामले की जांच जारी है और फरार आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है। पुलिस का दावा है कि वीडियो फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर सभी दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।


