Baghpat News: निकाह से पहले अब देना होगा एफिडेविट, बागपत के मौलानाओं का बड़ा फैसला

Baghpat News: बागपत के बड़ौत में मौलानाओं का बड़ा फैसला, अब निकाह से पहले बालिग होने और सही जानकारी का एफिडेविट देना होगा।

Paras Jain
Published on: 13 July 2026 11:00 AM IST
Baghpat News: निकाह से पहले अब देना होगा एफिडेविट, बागपत के मौलानाओं का बड़ा फैसला
X

 Baghpat News

Baghpat News: बागपत जनपद के बड़ौत कस्बे में निकाह की प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी और कानूनी विवादों से सुरक्षित बनाने के उद्देश्य से मौलानाओं ने एक महत्वपूर्ण फैसला लिया है। अब मस्जिद में निकाह पढ़ाने से पहले दूल्हा और दुल्हन पक्ष को अधिवक्ता द्वारा तैयार स्टाम्प पेपर पर एफिडेविट (शपथ-पत्र) देना होगा। इस एफिडेविट में यह घोषणा करनी होगी कि दोनों पक्ष बालिग हैं, पहले से किसी का निकाह है तो उसकी पूरी और सही जानकारी दी गई है तथा निकाह से जुड़ा कोई भी तथ्य या कानूनी विवाद छिपाया नहीं गया है। यह निर्णय बड़ौत की फूंस वाली मस्जिद में आयोजित खिदमत सोसायटी और जमीअत उलेमा-ए-हिंद के प्रतिनिधियों की बैठक में लिया गया।

बैठक में मौजूद उलेमाओं ने कहा कि पिछले कुछ समय में ऐसे कई मामले सामने आए हैं, जिनमें नाबालिगों का निकाह कराने, पहले से शादीशुदा होने की जानकारी छिपाने या लंबित मुकदमों और अन्य महत्वपूर्ण तथ्यों को छिपाकर निकाह पढ़वाया गया। बाद में विवाद होने पर पुलिस और अदालत की कार्रवाई का सामना उन इमामों को भी करना पड़ा, जिन्होंने पूरी जानकारी के अभाव में निकाह पढ़ाया था। इसी को देखते हुए अब यह व्यवस्था लागू की गई है कि निकाह से पहले दोनों पक्षों को शपथ-पत्र देना होगा। इसमें यह स्पष्ट रूप से उल्लेख रहेगा कि दी गई सभी जानकारियां सत्य हैं और यदि भविष्य में कोई तथ्य गलत पाया जाता है या कोई जानकारी छिपाई गई मिलती है, तो उसकी पूरी जिम्मेदारी संबंधित पक्ष की होगी।

निकाह पढ़ाने वाले इमाम या मौलाना इसके लिए उत्तरदायी नहीं होंगे। उलेमाओं का कहना है कि इस पहल का उद्देश्य किसी व्यक्ति को परेशान करना नहीं, बल्कि निकाह की प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी, जिम्मेदार और कानून के अनुरूप बनाना है। साथ ही इससे नाबालिग निकाह, दूसरी शादी से जुड़े विवाद और अन्य कानूनी मामलों में कमी आने की उम्मीद जताई गई है। वही, खिदमत सोसायटी और जमीअत उलेमा-ए-हिंद ने लोगों से अपील की है कि निकाह से पहले सभी आवश्यक दस्तावेज, सही जानकारी और एफिडेविट उपलब्ध कराएं, ताकि भविष्य में किसी भी प्रकार के विवाद, मुकदमेबाजी या कानूनी परेशानी से बचा जा सके।

Paras Jain
ABOUT THE AUTHOR

Paras Jain

वरिष्ठ संवाददाता, बागपतBaghpatParasJain@nestracksite.vocalwire.com
Next Story