Baghpat News: मुरथल से लौट रहे युवकों की कार खड़ी पिकअप से टकराई, दो की दर्दनाक मौत

Baghpat News : बागपत के दिल्ली-सहारनपुर हाईवे पर मुरथल से लौट रहे युवकों की सेंट्रो कार खड़ी पिकअप से टकरा गई। हादसे में दो युवकों की मौत हुई, जबकि चार गंभीर रूप से घायल हो गए।

Paras Jain
Published on: 30 July 2026 11:09 AM IST
Baghpat News: मुरथल से लौट रहे युवकों की कार खड़ी पिकअप से टकराई, दो की दर्दनाक मौत
X

Baghpat News

Baghpat News: बागपत में दिल्ली- सहारनपुर हाईवे पर गुरुवार सुबह दर्दनाक सड़क हादसे में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि चार युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। हरियाणा के मुरथल से पार्टी कर लौट रहे युवकों की सेंट्रो कार बागपत के ट्योढ़ी गांव के पास हाईवे किनारे खड़ी पिकअप से टकरा गई। हादसा इतना भीषण था कि कार के परखच्चे उड़ गए।

हादसा गुरुवार सुबह करीब पांच बजे दिल्ली-सहारनपुर हाईवे पर ट्योढ़ी गांव के पास हुआ। लोनी निवासी छह युवक हरियाणा के मुरथल से पार्टी कर लौट रहे थे। कार चालक राजा के मुताबिक वे अपने मामा के बेटे और उसके दोस्त को बुढ़पुर छोड़ने जा रहे थे। इसी दौरान सड़क पर आए एक व्यक्ति को बचाने के प्रयास में कार अनियंत्रित होकर हाईवे किनारे खड़ी पिकअप में जा घुसी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे में लोनी निवासी रिहान और इरशाद की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि साहिल, सागर, नईम समेत चार युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।

सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों ने तीन घायलों की हालत नाजुक देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद दिल्ली के हायर सेंटर रेफर कर दिया, जबकि एक घायल का उपचार जिला अस्पताल में चल रहा है। वही पुलिस ने दोनों मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे की सूचना मिलते ही परिजन अस्पताल और घटनास्थल पर पहुंच गए। युवकों की मौत से परिवारों में मातम पसरा हुआ है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

Paras Jain
ABOUT THE AUTHOR

Paras Jain

वरिष्ठ संवाददाता, बागपतBaghpatParasJain@nestracksite.vocalwire.com
Next Story