Baghpat News: गेम खेलने के बहाने बुलाकर मासूम से किया दुष्कर्म, नाबालिग आरोपी गिरफ्तार

Baghpat News: उत्तर प्रदेश के बागपत में 3 साल की मासूम बच्ची से दुष्कर्म का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए नाबालिग आरोपी को हिरासत में ले लिया है, वहीं परिजनों ने मामले की सुनवाई फास्ट ट्रैक कोर्ट में कराने की मांग की है।

Paras Jain
Published on: 17 Jun 2026 4:21 PM IST
Baghpat News: गेम खेलने के बहाने बुलाकर मासूम से किया दुष्कर्म, नाबालिग आरोपी गिरफ्तार
X

Baghpat News

Baghpat News: बागपत के सिंघावली अहीर थाना क्षेत्र के एक गांव में मासूम बच्ची के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आया है। घटना के बाद बागपत पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए नाबालिग आरोपी को हिरासत में ले लिया है और पीड़ित परिजनों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।दर्ज एफआईआर के मुताबिक, बीते सोमवार की सुबह नाबालिग बच्ची अपने घर के बाहर खेल रही थी। इसी दौरान पड़ोस में रहने वाले एक नाबालिग किशोर ने उसे लालच दिया और पड़ोस के ही एक मकान की दूसरी मंजिल पर बने खाली कमरे में ले गया, जहां आरोपी ने तीन साल की मासूम बच्ची के साथ दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया।

परिजनों ने दी जानकारी

पीड़ित परिजनों के अनुसार, बच्ची के रोने और चीखने-चिल्लाने की आवाज सुनकर जब वे वहाँ दौड़े, तो देखा कि उनकी मासूम बच्ची और नाबालिग किशोर आपत्तिजनक स्थिति में थे। परिजनों को आता देख नाबालिग आरोपी ने उनके साथ हाथापाई की और जान से मारने की धमकी देता हुआ वहाँ से फरार हो गया। इसके बाद पीड़ित परिजनों ने तत्काल पुलिस को मामले की जानकारी दी। आनन-फानन में पीड़ित मासूम बच्ची को पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहाँ उसकी गंभीर हालत को देखते हुए उसे जिला अस्पताल बागपत के लिए रेफर कर दिया गया। जिला अस्पताल में मासूम बच्ची का मेडिकल परीक्षण कराया गया।

मामले में मुकदमा दर्ज

पुलिस ने पीड़ित परिजनों की तहरीर के आधार पर नाबालिग किशोर के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वहीं, जांच के दौरान आरोपी नाबालिग किशोर को हिरासत में भी ले लिया गया है। पुलिस का कहना है कि साक्ष्यों के आधार पर पूरे मामले की जांच कर उचित कानूनी कार्रवाई की जा रही है।वहीं, घटना के बाद पीड़ित परिजनों ने बुधवार को कलेक्ट्रेट पहुंचकर जिलाधिकारी बागपत अस्मिता लाल और बागपत पहुंचीं राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष मीनाक्षी भराला से मुलाकात की। परिजनों ने मामले की निष्पक्ष जांच और उचित कार्रवाई की मांग की। साथ ही पीड़ित परिजनों ने तुरंत सख्त कार्रवाई किए जाने की भी अपील की है।

परिजनों का कहना है कि यह मुकदमा फास्ट ट्रैक कोर्ट में चलाया जाए और नाबालिग आरोपी किशोर को सख्त से सख्त सजा दी जाए। अधिकारियों ने मामले की गंभीरता को देखते हुए निष्पक्ष जांच करने और कड़ी कार्रवाई करने का आश्वासन दिया है।बता दें कि इस घटना से क्षेत्र के लोगों में भारी आक्रोश है। स्थानीय लोगों ने भी इस घटना की कड़े शब्दों में निंदा करते हुए आरोपी किशोर के खिलाफ सख्त कार्रवाई किए जाने की मांग की है।

Paras Jain
ABOUT THE AUTHOR

Paras Jain

Next Story