Baghpat News : बागपत: चलती बस में भीषण आग, सात कर्मचारियों ने कूदकर बचाई जान

Baghpat News : दिल्ली-सहारनपुर हाईवे 709बी पर चलती बस में आग, चालक की सूझबूझ से सातों कर्मचारी सुरक्षित

Paras Jain
Published on: 2 March 2026 10:51 AM IST
Baghpat News :  बागपत: चलती बस में भीषण आग, सात कर्मचारियों ने कूदकर बचाई जान
X

Baghpat News : दिल्ली-सहारनपुर राष्ट्रीय राजमार्ग 709बी पर उस समय अफरा-तफरी मच गई जब एक निजी कंपनी की चलती बस में अचानक भीषण आग लग गई। घटना बावली गांव के पास की है। गनीमत रही कि चालक की सूझबूझ से बड़ा हादसा टल गया और बस में सवार सभी सात लोगों ने कूदकर अपनी जान बचा ली।

जानकारी के अनुसार, दुर्गनपुर खेड़ा, मुजफ्फरनगर से एक निजी कंपनी की बस कुंडली, हरियाणा के लिए रवाना हुई थी। बस में चालक सहित कंपनी के छह कर्मचारी सवार थे। जब बस बावली गांव के पास पहुंची तो अचानक एयर कंडीशनर से धुआं निकलने लगा। चालक ने तुरंत फ्यूज निकालकर स्थिति संभालने की कोशिश की, लेकिन देखते ही देखते धुआं आग की लपटों में बदल गया। बस के भीतर धुआं भरते ही कर्मचारियों में चीख-पुकार मच गई।

चालक ने तत्परता दिखाते हुए बस को सड़क किनारे रोका। सभी कर्मचारियों ने तुरंत बस से कूदकर अपनी जान बचाई। कुछ ही पलों में आग ने पूरी बस को अपनी चपेट में ले लिया। आग इतनी भीषण थी कि हाईवे पर गुजर रहे वाहनों को दूर रोकना पड़ा। मौके पर भगदड़ जैसे हालात बन गए।सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।

हालांकि तब तक पूरी बस जलकर खाक हो चुकी थी। कंपनी ने बाद में दूसरी बस भेजकर कर्मचारियों को कुंडली रवाना किया। घटना के दौरान ग्रामीणों की भारी भीड़ मौके पर जुट गई। पुलिस ने लोगों को हटाकर यातायात सुचारू कराया। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है।

Shalini Rai

Shalini Rai

Mail ID - raishalini910@gmail.com

Next Story