TRENDING TAGS :
Baghpat News: गमगीन माहौल में व्यापारी पिता-पुत्र का अंतिम संस्कार, बाजार बंद; सुरक्षा के बीच दी गई अंतिम विदाई
Baghpat News: बागपत में व्यापारी पिता-पुत्र की हत्या के बाद गमगीन माहौल, कड़ी सुरक्षा के बीच अंतिम संस्कार, विरोध में बाजार बंद रहा।
Baghpat News: उत्तर प्रदेश के बागपत जनपद के बड़ौत के चर्चित व्यापारी पिता-पुत्र हत्याकांड के बाद बुधवार को पूरे क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल देखने को मिला। कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच व्यापारी सोहनलाल और उनके पुत्र विकास का अंतिम संस्कार किया गया। वहीं घटना के विरोध में बाजार पूरी तरह बंद रहा और व्यापारियों ने कानून-व्यवस्था को लेकर गहरी नाराजगी जताई।
यहां मंगलवार शाम दिल्ली रोड स्थित टेंट की दुकान पर बैठे व्यापारी सोहनलाल और उनके पुत्र विकास की ताबड़तोड़ फायरिंग कर हत्या कर दी गई थी। इस सनसनीखेज वारदात के बाद पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया था। घटना के मुख्य आरोपी हिस्ट्रीशीटर वरुण लुहारी को भागते समय आक्रोशित भीड़ ने पकड़ लिया था और गोली मारकर उसको घायल कर दिया था जिसे घायल अवस्था मे मेरठ रेफर किया गया
और देर रात्रि ईलाज के दौरान हिस्ट्रीशीटर वरुण लुहारी की भी मौत हो गयी । बुधवार सुबह पोस्टमार्टम के बाद जैसे ही दोनों शव उनके आवास पर पहुंचे, परिजनों में कोहराम मच गया। अंतिम दर्शन के लिए बड़ी संख्या में व्यापारी, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि, जनप्रतिनिधि और स्थानीय नागरिक पहुंचे। महिलाओं के विलाप और परिजनों की चीख-पुकार से माहौल बेहद गमगीन हो गया।
स्थिति की संवेदनशीलता को देखते हुए प्रशासन ने घर से लेकर श्मशान घाट तक भारी पुलिस बल तैनात किया। बाद में बड़ौली रोड स्थित श्मशान घाट में कड़ी सुरक्षा के बीच पिता-पुत्र का अंतिम संस्कार किया गया। अंतिम यात्रा में हजारों लोग शामिल हुए और मृतकों को नम आंखों से विदाई दी। वही इस हत्याकांड के विरोध में बुधवार को बड़ौत का बाजार बंद रहा। व्यापारियों ने घटना को लेकर गहरा रोष व्यक्त करते हुए कहा कि मुख्य बाजार क्षेत्र में दिनदहाड़े हुई दोहरी हत्या ने सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। व्यापारिक संगठनों ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई तथा बाजार क्षेत्र में स्थायी सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाने की मांग की है।
उधर पुलिस ने मामले में कार्रवाई तेज करते हुए मुख्य आरोपी वरुण लुहारी के पिता बाबूराम को गिरफ्तार कर लिया है। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए 10 विशेष टीमें गठित की गई हैं, जो लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। पुलिस अधीक्षक सूरज कुमार राय ने कहा कि स्थिति नियंत्रण में है और सभी आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाएगी। फिलहाल बड़ौत में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है और बाजार क्षेत्र में पुलिस लगातार निगरानी कर रही है।


