TRENDING TAGS :
Baghpat रिपोर्ट दर्ज न होने पर रुका हिस्ट्रीशीटर वरुण लुहारी का अंतिम संस्कार, परिजनों का हंगामा
Baghpat News: बागपत में वरुण लुहारी के अंतिम संस्कार पर रोक, परिजनों ने FIR दर्ज और पिता की रिहाई की मांग को लेकर किया हंगामा।
हिस्ट्रीशीटर वरुण लुहारी (Baghpat News)
Baghpat News: दो दिन पहले हुए चर्चित बड़ौत गोलीकांड के बाद एक बार फिर माहौल तनावपूर्ण हो गया। हिस्ट्रीशीटर वरुण लुहारी के परिजनों ने उसकी मौत के मामले में मुकदमा दर्ज न होने तक अंतिम संस्कार न करने का निर्णय लिया है। साथ ही उन्होंने गिरफ्तार किए गए वरुण के पिता बाबूराम की रिहाई की मांग भी उठाई। इस दौरान परिजनों और ग्रामीणों ने पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों का घेराव कर जमकर हंगामा किया।
दरअसल, गुरुवार तड़के 3 बजे को पोस्टमार्टम के बाद वरुण लुहारी का शव बड़ौत की नवयुग कॉलोनी स्थित उसके आवास पर पहुंचा। शव पहुंचते ही वहां बड़ी संख्या में परिजन, ग्रामीण और समर्थक एकत्र हो गए। परिजनों ने आरोप लगाया कि पूर्व में प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में हुई पंचायत में कुछ आश्वासन दिए गए थे, लेकिन बाद में प्रशासन अपने निर्णय से पीछे हट गया। इसी को लेकर लोगों में नाराजगी देखी गई।
परिजनों का कहना है कि वारदात के बाद भीड़ द्वारा की गई मारपीट के कारण वरुण की मौत हुई है, इसलिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया जाए। उनका यह भी कहना है कि जब तक मुकदमा दर्ज नहीं होगा और उनके पिता बाबूराम की रिहाई नहीं होगी, तब तक अंतिम संस्कार नहीं किया जाएगा।स्थिति की संवेदनशीलता को देखते हुए मौके पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों के साथ भारी संख्या में पुलिस बल एवं पीएसी तैनात रही। अधिकारियों ने परिजनों को समझाने का प्रयास किया और मामले में निष्पक्ष जांच का भरोसा दिलाया।
गौरतलब है कि मंगलवार की शाम बड़ौत में हुए सनसनीखेज गोलीकांड में टेंट व्यापारी सोहनलाल और उनके पुत्र विकास की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। पुलिस के अनुसार घटना में हिस्ट्रीशीटर वरुण लुहारी और उसके साथियों की भूमिका सामने आई थी। वारदात के बाद भाग रहे वरुण को लोगों ने पकड़ लिया था और उसकी पिटाई कर दी थी। गंभीर हालत में मेरठ ले जाए गए वरुण की उपचार के दौरान मौत हो गई थी।
बागपत। दोहरी मौतों के बाद पूरे क्षेत्र में तनाव का माहौल बना हुआ है। पुलिस एक ओर जहां हत्याकांड में फरार आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दे रही है, वहीं दूसरी ओर वरुण की मौत को लेकर उठ रही मांगों के मद्देनजर कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त सतर्कता बरत रही है।


