TRENDING TAGS :
Baghpat News: बागपत में विजिलेंस की बड़ी कार्रवाई, रिश्वत लेते जिला पूर्ति अधिकारी गिरफ्तार
Baghpat News: बागपत में मेरठ विजिलेंस टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए जिला पूर्ति अधिकारी अनूप तिवारी को 40 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार किया।
Baghpat News
Baghpat News: उत्तर प्रदेश के बागपत जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ विजिलेंस विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए जिला पूर्ति अधिकारी अनूप तिवारी को रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया। इस कार्रवाई के बाद पूर्ति विभाग में हड़कंप मच गया है और जिलेभर में मामले की चर्चा तेज हो गई है। मेरठ विजिलेंस टीम ने यह कार्रवाई लंबे समय से मिल रही शिकायतों के आधार पर की।
जानकारी के अनुसार, बुढ़सैनी गांव के एक राशन डीलर से कमीशन के नाम पर लगातार पैसों की मांग की जा रही थी। आरोप है कि जिला पूर्ति अधिकारी अनूप तिवारी राशन डीलर पर 40 हजार रुपये रिश्वत देने का दबाव बना रहे थे। परेशान होकर राशन डीलर ने मामले की शिकायत विजिलेंस विभाग से की। शिकायत मिलने के बाद मेरठ विजिलेंस टीम ने पूरे मामले की गोपनीय तरीके से जांच शुरू की और शिकायत सही पाए जाने पर जाल बिछाया।
बताया जा रहा है कि विजिलेंस टीम ने योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई करते हुए आरोपी अधिकारी को रिश्वत लेते समय रंगेहाथ पकड़ लिया। गिरफ्तारी के बाद टीम आरोपी को अपने साथ बागपत कोतवाली लेकर पहुंची, जहां उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने की प्रक्रिया शुरू की गई। अधिकारियों के मुताबिक अनूप तिवारी पिछले करीब एक साल से बागपत जिले में जिला पूर्ति अधिकारी के पद पर तैनात थे।इस कार्रवाई के बाद पूर्ति विभाग के कर्मचारियों में हड़कंप की स्थिति है। वहीं स्थानीय लोगों और राशन डीलरों के बीच भी इस मामले को लेकर चर्चाओं का दौर जारी है। विजिलेंस अधिकारियों ने साफ कहा है कि भ्रष्टाचार के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और रिश्वतखोरी में शामिल किसी भी अधिकारी को बख्शा नहीं जाएगा।


