TRENDING TAGS :
Baghpat News: भव्य दिवाली मेला में महिलाओं को मिला प्रतिभा दिखाने का मंच, सजाए 30 स्टॉल
Baghpat News: जैन स्थानक में चंदनबाला बहुमंडल ने कराया आयोजन, कपड़ों, ज्वेलरी और सजावटी सामान की हुई खरीदारी, हर घंटे लकी ड्रॉ ने बढ़ाया लोगों का उत्साह।
भव्य दिवाली मेला में महिलाओं को मिला प्रतिभा दिखाने का मंच, सजाए 30 स्टॉल (Photo- Newstrack)
Baghpat News: बड़ौत में दीपावली के त्योहार को खास बनाने और महिलाओं की प्रतिभा को मंच देने के उद्देश्य से चंदनबाला बहुमंडल के तत्वावधान में पहली बार भव्य दिवाली मेले का आयोजन किया गया। संजय मूर्ति के निकट स्थित जैन स्थानक में आयोजित इस मेले में जैन समाज की महिलाओं ने 30 से अधिक आकर्षक स्टॉल लगाए। सुबह से ही मेले में लोगों की भीड़ जुटनी शुरू हो गई। महिलाओं और परिवारों ने उत्साह के साथ खरीदारी की और दीपावली की खुशियां साझा कीं।
सजावटी सामान से लेकर कपड़ों तक की रही वैरायटी
मेले में दीपावली से जुड़े सजावटी सामान, आर्टिफिशियल ज्वेलरी, आकर्षक लटकन, झालर, सुंदर दीये, लाइटिंग का सामान, फैंसी कपड़े, लेडीज सूट और महिलाओं के श्रृंगार से जुड़ी वस्तुओं के स्टॉल लगाए गए। इसके अलावा दैनिक उपयोग की कई चीजें भी उपलब्ध रहीं। अलग-अलग डिजाइन और अच्छी वैरायटी के साथ किफायती कीमतों पर सामान मिलने से लोग आकर्षित हुए। शहर के जैन समाज के परिवार बड़ी संख्या में पहुंचे और अपनी पसंद के सामान की खरीदारी की। स्टॉल लगाने वाली महिलाओं को भी अच्छी बिक्री की उम्मीद रही।
साध्वी सुप्रज्ञा जी महाराज ने दिया मंगल आशीर्वाद
आयोजन से पहले जैन स्थानक में विराजमान जैन साध्वी सुप्रज्ञा जी महाराज आदि ठाणा ससंघ ने मंगल पाठ सुनाकर सभी को आशीर्वाद दिया। इसके बाद महिलाओं ने अपने-अपने स्टॉल पर पहुंचकर मेले का शुभारंभ किया। पूरे आयोजन में उत्साह और दीपावली की रौनक देखने को मिली। मेले की खास बात यह रही कि हर घंटे खरीदारी करने वाले लोगों को लकी ड्रॉ का कूपन दिया गया और प्रत्येक घंटे लकी ड्रॉ निकाला गया। इससे मेले में आए लोगों का उत्साह और बढ़ गया।
महिलाओं की सहभागिता को सराहा
जैन स्थानक के अध्यक्ष घसीट्टूमल ने बताया कि चंदनबाला बहुमंडल की ओर से जैन स्थानक में पहली बार इस तरह के भव्य दिवाली मेले का आयोजन किया गया है। महिलाओं की सहभागिता और उनका उत्साह सराहनीय है। इस आयोजन से महिलाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने और अपने उत्पादों को लोगों तक पहुंचाने का अवसर मिला है। उन्होंने उम्मीद जताई कि स्टॉल लगाने वाली महिलाओं को अच्छी बिक्री होगी और भविष्य में भी इस तरह के आयोजन किए जाते रहेंगे।
मेले में शिल्पी जैन, विधि जैन, प्रज्ञा जैन, पारुल जैन, ईशा जैन, सोनाली, रेणुका, अक्षरा जैन, स्वाति और विदुषी जैन सहित अन्य महिलाओं ने अपने स्टॉल लगाए। पहली बार आयोजित इस दिवाली मेले ने बड़ौत में दीपावली के उत्सव को नई रौनक दी और महिलाओं को अपने हुनर और उत्पादों को प्रदर्शित करने का अच्छा अवसर प्रदान किया।


