Baghpat Newsबसपा की जातीय अपील पर भाजपा का पलटवार, नवाब सिंह नागर बोले- सबको साथ लेकर चलती है पार्टी

Baghpat News: बागपत में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष नवाब सिंह नागर ने कहा- भाजपा जातिवाद नहीं, सभी वर्गों को साथ लेकर चलने वाली पार्टी है।

Paras Jain
Published on: 8 July 2026 11:28 PM IST
Baghpat Newsबसपा की जातीय अपील पर भाजपा का पलटवार, नवाब सिंह नागर बोले- सबको साथ लेकर चलती है पार्टी
X

Baghpat News

Baghpat News: भारतीय जनता पार्टी के पश्चिमी उत्तर प्रदेश के नवनियुक्त अध्यक्ष नवाब सिंह नागर का बागपत जनपद में पहली बार आगमन हुआ। रमाला में भाजपा कार्यकर्ताओं ने उनका फूल-मालाओं और ढोल-नगाड़ों के साथ जोरदार स्वागत किया। इस दौरान मीडिया से बातचीत में उन्होंने बहुजन समाज पार्टी की हालिया राजनीतिक अपील, विपक्ष के आरोपों, अयोध्या राम मंदिर प्रकरण और दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे से जुड़े सवालों पर विस्तार से अपनी बात रखी।

बसपा के बयान पर भाजपा का जवाब

बहुजन समाज पार्टी द्वारा आगामी चुनावों के मद्देनजर क्षत्रिय और वैश्य समाज से विशेष तैयारी करने की अपील पर नवाब सिंह नागर ने तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि भाजपा जातिवाद की राजनीति नहीं करती और न ही किसी समाज को अलग-अलग खेमों में बांटकर वोट मांगती है। उन्होंने कहा कि कुछ दल चुनाव आते ही समाज को जातियों में विभाजित करने का प्रयास करते हैं, जबकि भाजपा सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास की नीति पर काम करती है। उनके अनुसार भाजपा हर वर्ग, हर समाज और हर क्षेत्र को साथ लेकर चलने वाली पार्टी है और यही उसकी सबसे बड़ी ताकत है।

विपक्ष पर साधा निशाना

समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव द्वारा सरकार पर किए जा रहे हमलों के सवाल पर उन्होंने कहा कि विपक्ष का काम आलोचना करना है, लेकिन जनता अब विकास और तुष्टिकरण की राजनीति में फर्क समझ चुकी है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में केंद्र और प्रदेश सरकार लगातार जनकल्याण और विकास के कार्य कर रही है।

राम मंदिर और एक्सप्रेसवे पर भी बोले

अयोध्या राम मंदिर में चढ़ावे की कथित चोरी के मामले पर उन्होंने इसे दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ इस प्रकरण को गंभीरता से देख रहे हैं और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी। वहीं दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे के किनारों पर बारिश के बाद बने गड्ढों और मिट्टी कटान को लेकर उन्होंने कहा कि निर्माण कार्यों के दौरान ऐसी समस्याएं कभी-कभी सामने आती हैं और संबंधित एजेंसियां उन्हें ठीक कराएंगी।

2027 में बेहतर प्रदर्शन का दावा

नवाब सिंह नागर ने बागपत में मिले स्वागत के लिए कार्यकर्ताओं का आभार जताया। उन्होंने कहा कि संगठन की मजबूती और सरकार के कामकाज के आधार पर भाजपा 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में पहले से भी बेहतर प्रदर्शन करेगी। रमाला में सहेंद्र सिंह के आवास और बाद में बड़ौत में राज्यमंत्री केपी मलिक के आवास पर व पीएल शर्मा पार्क बड़ौत में भी उनका भव्य स्वागत किया गया।

Paras Jain
ABOUT THE AUTHOR

Paras Jain

वरिष्ठ संवाददाता, बागपतBaghpatParasJain@nestracksite.vocalwire.com
Next Story