TRENDING TAGS :
Baghpat News: बारिश के बाद बागपत में दिल्ली-देहरादून इकोनॉमिक कॉरिडोर की गुणवत्ता पर उठे सवाल
Baghpat News: बागपत में बारिश के बाद दिल्ली-देहरादून इकोनॉमिक कॉरिडोर के किनारे मिट्टी का कटाव और रेलिंग धंसने से निर्माण गुणवत्ता पर फिर सवाल उठे।
Baghpat News: उत्तर प्रदेश के बागपत से बड़ी खबर सामने आ रही है, जहां दिल्ली-देहरादून इकोनॉमिक कॉरिडोर पर एक बार फिर निर्माण गुणवत्ता को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। बागपत के गांगनौली गांव के पास हाल ही में हुई बारिश के बाद एक्सप्रेस-वे के किनारे बनाए गए मिट्टी के पुस्तों में बड़े-बड़े गड्ढे बन गए हैं। कई जगह मिट्टी का कटाव होने से सुरक्षा रेलिंग भी धंस गई है, जिससे भविष्य में हादसे की आशंका बढ़ गई है।स्थानीय लोगों ने इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल किया है। वीडियो सामने आने के बाद NHAI के अधिकारियों में हड़कंप मच गया है। यह पहली बार नहीं है जब इस एक्सप्रेस-वे की गुणवत्ता पर सवाल उठे हैं।
इससे पहले शामली जनपद की सीमा में भी एक्सप्रेस-वे पर बड़े गड्ढे मिलने का मामला सामने आया था। मामले को गंभीरता से लेते हुए NHAI ने जांच कराई थी और निर्माण एजेंसी के साथ-साथ जिम्मेदार कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की थी। संबंधित एजेंसियों को नोटिस जारी किए गए थे और लापरवाही बरतने वालों पर विभागीय कार्रवाई भी की गई थी। बता दें कि लगभग 12 हजार करोड़ रुपये की लागत से बने 213 किलोमीटर लंबे, छह लेन, एक्सेस कंट्रोल्ड दिल्ली-देहरादून इकोनॉमिक कॉरिडोर का उद्घाटन 14 अप्रैल 2026 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किया था।
इस कॉरिडोर के शुरू होने से दिल्ली से देहरादून की यात्रा का समय करीब छह घंटे से घटकर लगभग तीन घंटे रह गया है। वहीं NHAI के एक्सईएन अंकित कुमार का कहना है कि जहां मिट्टी का कटाव हुआ है, वहां स्लोप प्रोटेक्शन का कार्य पूरा नहीं हुआ था। बारिश के कारण मिट्टी बह गई है। उन्होंने आश्वासन दिया है कि जल्द ही मिट्टी भराई, स्लोप प्रोटेक्शन और कंक्रीट का काम पूरा कराया जाएगा, ताकि भविष्य में ऐसी स्थिति दोबारा न बने।


