Baghpat News: रिश्वत मांगने की शिकायत पर एसपी का बड़ा एक्शन, तीन पुलिसकर्मी लाइन हाजिर

Baghpat News: दोघट थाने के पुलिसकर्मियों पर अभद्र व्यवहार और रुपये मांगने का आरोप लगा। शिकायतकर्ता ने ऑडियो रिकॉर्डिंग सौंपी, क्राइम ब्रांच को 24 घंटे में जांच पूरी करने के निर्देश मिले।

Paras Jain
Published on: 12 Nov 2026 8:13 PM IST
SPs big action on bribe demand complaint, three policemen lined up present
X

रिश्वत मांगने की शिकायत पर एसपी का बड़ा एक्शन, तीन पुलिसकर्मी लाइन हाजिर (Photo- Newstrack)

Baghpat News: बागपत जनपद में रिश्वत मांगने और एक व्यक्ति को अनावश्यक रूप से परेशान करने की शिकायत पर पुलिस अधीक्षक पूर्णेन्दु सिंह ने सख्त कार्रवाई की है। थाना दोघट में तैनात तीन पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से लाइन हाजिर कर दिया गया है। शिकायतकर्ता ने एसपी के सामने कथित रूप से रुपये मांगने से जुड़ी फोन कॉल की ऑडियो रिकॉर्डिंग भी पेश की थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी ने जांच क्राइम ब्रांच को सौंपते हुए 24 घंटे के भीतर रिपोर्ट देने के निर्देश दिए हैं।

ऑडियो रिकॉर्डिंग के साथ एसपी से की थी शिकायत

जानकारी के अनुसार, थाना दोघट में तैनात कुछ पुलिसकर्मियों के खिलाफ एक व्यक्ति ने पुलिस अधीक्षक पूर्णेन्दु सिंह से शिकायत की थी। शिकायतकर्ता का आरोप था कि संबंधित पुलिसकर्मी उसके साथ अभद्र व्यवहार कर रहे हैं और उसे बेवजह परेशान कर रहे हैं। इसके साथ ही उससे रुपये की मांग भी की जा रही थी। शिकायतकर्ता ने अपने आरोपों के समर्थन में कथित रूप से रुपये मांगने से संबंधित फोन कॉल की ऑडियो रिकॉर्डिंग भी एसपी के सामने प्रस्तुत की थी।

तीन पुलिसकर्मियों को किया लाइन हाजिर

शिकायत और ऑडियो रिकॉर्डिंग का संज्ञान लेते हुए पुलिस अधीक्षक ने तत्काल कार्रवाई की। उन्होंने थाना दोघट में तैनात मुख्य आरक्षी अनिल कुमार, मुख्य आरक्षी जितेन्द्र और रिक्रूट आरक्षी संतोष को तत्काल प्रभाव से लाइन हाजिर कर दिया। इसके साथ ही पूरे मामले की जांच क्राइम ब्रांच को सौंप दी गई है। क्राइम ब्रांच को शिकायत में लगाए गए आरोपों की जांच कर 24 घंटे के भीतर अपनी रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।

जांच रिपोर्ट के आधार पर होगी आगे की कार्रवाई

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, क्राइम ब्रांच की जांच रिपोर्ट मिलने के बाद मामले में नियमानुसार आगे की विभागीय कार्रवाई की जाएगी। एसपी की इस कार्रवाई को पुलिस विभाग में अनुशासन और पारदर्शिता बनाए रखने की दिशा में एक सख्त कदम माना जा रहा है।

बागपत पुलिस ने स्पष्ट किया है कि भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति पर पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम किया जा रहा है। पुलिसकर्मियों के आचरण और कार्यप्रणाली में किसी भी तरह की लापरवाही या अनियमितता सामने आने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

Paras Jain
ABOUT THE AUTHOR

Paras Jain

वरिष्ठ संवाददाता, बागपतBaghpatParasJain@nestracksite.vocalwire.com
Next Story