TRENDING TAGS :
Baghpat News: खाद्य सुरक्षा विभाग की बड़ी कार्रवाई, 820 किलो संदिग्ध पनीर और क्रीम कराई गई नष्ट
Baghpat News: खाद्य सुरक्षा विभाग ने बागपत में विशेष अभियान के तहत 580 किलो पनीर और 240 किलो क्रीम नष्ट कराई, पांच नमूने जांच के लिए लैब भेजे गए।
Baghpat News: उत्तर प्रदेश के जनपद बागपत में खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की टीम ने मिलावटी एवं अस्वच्छ खाद्य पदार्थों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 580 किलोग्राम संदिग्ध पनीर और 240 किलोग्राम क्रीम को जेसीबी की मदद से जमीन में गड्ढा खुदवाकर मौके पर ही नष्ट करा दिया। कार्रवाई के दौरान कुल पांच खाद्य पदार्थों के विधिक नमूने भी संग्रहित किए गए, जिन्हें जांच के लिए खाद्य प्रयोगशाला भेजा गया है।
खाद्य सुरक्षा टीम ने मारा छापा
यह कार्रवाई आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन उत्तर प्रदेश तथा जिलाधिकारी बागपत के निर्देश पर सहायक आयुक्त (खाद्य) द्वितीय डी.पी. सिंह के नेतृत्व में चलाए जा रहे विशेष अभियान के अंतर्गत की गई। खाद्य सुरक्षा टीम ने सबसे पहले मेरठ से बड़ौत जा रही कार संख्या DL 14 CC 1174 को गुराना रोड पर रोककर जांच की।
वाहन में प्लास्टिक के दो ड्रमों में अस्वच्छ परिस्थितियों में लगभग 240 किलोग्राम क्रीम रखी मिली। मिलावट की आशंका होने पर क्रीम का विधिक नमूना लिया गया और शेष क्रीम, जिसकी कीमत लगभग 45 हजार 600 रुपये आंकी गई, को जेसीबी से गड्ढा खुदवाकर नष्ट करा दिया गया।
गड्ढा खुदवाकर मिलावटी पनीर को नष्ट किया गया
इसके बाद गाजियाबाद से बड़ौत आ रही पिकअप मैक्स संख्या UP 14 HT 4871 की बड़का रोड पर जांच की गई। वाहन में प्लास्टिक के तीन ड्रमों में लगभग 580 किलोग्राम पनीर अस्वच्छ परिस्थितियों में रखा मिला। टीम ने पनीर का विधिक नमूना लेकर शेष पनीर, जिसकी कीमत लगभग 1 लाख 33 हजार 400 रुपये बताई गई, को भी जेसीबी की मदद से जमीन में गड्ढा कराकर मौके पर नष्ट करा दिया।
इसके अलावा जग्गी डेयरी (मिल्क कलेक्शन सेंटर), बड़ौत से मिश्रित दूध, केशव कन्फेक्शनरी बालेनी से चॉकलेट केक तथा भोपाल स्वीट्स सिल्वरनगर धनौरा से कलाकंद के भी विधिक नमूने भी लिए गए। सहायक आयुक्त (खाद्य) डी.पी. सिंह ने बताया कि सभी नमूनों को जांच के लिए खाद्य प्रयोगशाला भेजा जा रहा है। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद संबंधित के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत नियमानुसार सख्त विधिक कार्रवाई की जाएगी।


