TRENDING TAGS :
Baghpat News: कांवड़ यात्रा में अनुशासन का मंत्र, परशुरामेश्वर पुरा महादेव मंदिर से महंत की अपील
Baghpat News: कांवड़ यात्रा के दौरान परशुरामेश्वर पुरा महादेव मंदिर के महंत ने श्रद्धालुओं से अनुशासन, स्वच्छता और शांतिपूर्ण माहौल बनाए रखने की अपील की। प्रशासन के दिशा-निर्देशों का पालन करने का भी आग्रह किया।
Baghpat News(Photo-Social Media)
Baghpat News: सावन की पावन कांवड़ यात्रा को लेकर बागपत के ऐतिहासिक सिद्धपीठ परशुरामेश्वर पुरा महादेव मंदिर के मुख्य पुजारी जयभगवान शास्त्री का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस वीडियो में उन्होंने सभी शिवभक्त कांवड़ियों से हाथ जोड़कर अपील की है कि कांवड़ यात्रा को केवल भगवान शिव की भक्ति, सेवा और अनुशासन का पर्व बनाएं। उन्होंने कहा कि भक्ति में नहीं, अनुशासन में हो पहचान और सरकार व प्रशासन द्वारा जारी सभी दिशा-निर्देशों का पूरी निष्ठा से पालन करें।
मुख्य पुजारी ने कहा कि यात्रा के दौरान डीजे प्रतियोगिता, शक्ति प्रदर्शन और किसी भी प्रकार के विवाद से दूर रहें। सरकार ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि कांवड़ यात्रा के दौरान डीजे की आपसी प्रतिस्पर्धा नहीं होगी। डीजे की अधिकतम ऊंचाई 10 फीट और चौड़ाई 12 फीट निर्धारित की गई है। बिना साइलेंसर वाले वाहनों पर कार्रवाई होगी, जबकि लाठी-डंडे लेकर चलने वालों पर भी विशेष निगरानी रखी जाएगी। इन नियमों का उद्देश्य केवल कांवड़ यात्रा को सुरक्षित, शांतिपूर्ण और व्यवस्थित बनाना है।
महंत जयभगवान शास्त्री ने अपने संदेश में स्वच्छता पर विशेष जोर देते हुए कहा कि जहां-जहां शिविरों में जलपान की व्यवस्था की गई है, वहां श्रद्धालु प्रसाद और जलपान ग्रहण करें, लेकिन प्लास्टिक के गिलास, प्लेट या अन्य एकल-उपयोग प्लास्टिक का इस्तेमाल न करें। कूड़ा इधर-उधर न फैलाएं और शिवरात्रि महापर्व की गरिमा एवं पवित्रता बनाए रखें। उन्होंने कहा कि स्वच्छता भी शिव सेवा का ही एक रूप है। उन्होंने सभी श्रद्धालुओं से आग्रह किया कि पुलिस और प्रशासन यात्रा को सकुशल संपन्न कराने के लिए दिन-रात जुटा हुआ है। कांवड़ मार्गों पर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं।
जगह-जगह पुलिस बल तैनात है, सीसीटीवी कैमरों और अन्य माध्यमों से लगातार निगरानी की जा रही है। चिकित्सा, पेयजल, बिजली, साफ-सफाई और यातायात व्यवस्था को भी दुरुस्त किया गया है। कई स्थानों पर शिवभक्तों के स्वागत के लिए पुष्प वर्षा की भी तैयारी की गई है। उन्होंने सभी शिवभक्तों से अपील की कि कांवड़ यात्रा को आस्था, सद्भाव और सेवा का संदेश देने वाला महापर्व बनाएं।


