TRENDING TAGS :
Baghpat News: बधाई मांगने के क्षेत्र को लेकर किन्नरों में बढ़ा विवाद, बाउंसरों संग कोतवाली पहुंचा
Baghpat News:बागपत में बधाई मांगने के क्षेत्र को लेकर चल रहे विवाद में एक पक्ष ने पुलिस से सुरक्षा की मांग की। वायरल वीडियो और शिकायत को जांच में शामिल कर लिया गया है।
बधाई मांगने के क्षेत्र को लेकर किन्नरों में बढ़ा विवाद, बाउंसरों संग कोतवाली पहुंचा (Photo- Newstrack)
Baghpat News: बागपत जनपद में किन्नरों के दो गुटों के बीच बधाई मांगने के क्षेत्र (इलाका) के बंटवारे को लेकर चल रहा विवाद अब पुलिस तक पहुंच गया है। मामले में मीणा जाटनी किन्नर ने पुलिस अधीक्षक बागपत से मुलाकात कर लिखित शिकायत देते हुए अपनी जान-माल की सुरक्षा की मांग की है।
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि दूसरे पक्ष के कुछ लोगों द्वारा लगातार धमकियां दी जा रही हैं और सोशल मीडिया पर तमंचे के साथ वीडियो वायरल कर भय का माहौल बनाने की कोशिश की गई है।
बधाई मांगने के क्षेत्र को लेकर लंबे समय से विवाद
जानकारी के अनुसार, मीणा जाटनी ने अपनी शिकायत में बागपत निवासी मुस्तकिम तथा लोनी निवासी निक्की, मीनाक्षी और नंदनी किन्नर के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। उनका आरोप है कि बधाई मांगने के क्षेत्र को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा है, जिसके चलते उन्हें लगातार धमकियां मिल रही हैं।
शिकायत के साथ उन्होंने वायरल वीडियो भी पुलिस को उपलब्ध कराया है। इसी बीच खेकड़ा कोतवाली का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
बताया जा रहा है कि पुलिस ने दोनों पक्षों को बातचीत के लिए कोतवाली बुलाया था। इस दौरान एक पक्ष के कुछ किन्नर आधा दर्जन से अधिक निजी बाउंसरों के सुरक्षा घेरे में कोतवाली पहुंचे। थाने परिसर के अंदर किन्नरों और बाउंसरों की मौजूदगी का वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है। बता दे कि बागपत और लोनी के किन्नरों के बीच बधाई मांगने के इलाकों के बंटवारे को लेकर काफी समय से विवाद चला आ रहा है।
दोनों पक्ष के अपने-अपने दावे
दोनों पक्ष अपने-अपने दावे कर रहे हैं, जिसके चलते तनाव की स्थिति बनी हुई है। फिलहाल पुलिस ने शिकायत और वायरल वीडियो को जांच में शामिल कर लिया है। खेकड़ा थाना पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच-पड़ताल कर रही है। पुलिस का कहना है कि जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर निष्पक्ष और नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। वहीं, मामले को लेकर क्षेत्र में भी चर्चाओं का दौर जारी है।


