TRENDING TAGS :
Baghpat News: बागपत में “नन्ही कली पहल” की शुरुआत, गरीब परिवारों को इलाज में 70% तक राहत का ऐलान
Baghpat News: बागपत में जिलाधिकारी अस्मिता लाल द्वारा “नन्ही कली पहल” की शुरुआत की गई। इस अभियान के तहत नवजात बेटियों के सम्मान और गरीब परिवारों को इलाज में 70 प्रतिशत तक की राहत देने का ऐलान किया गया।
Baghpat News
Baghpat News: जिलाधिकारी अस्मिता लाल की संवेदनशील सोच और समाज के प्रति समर्पित पहल ने एक बार फिर यह साबित कर दिया कि प्रशासन यदि जनहित के साथ खड़ा हो जाए, तो बदलाव की मजबूत नींव रखी जा सकती है। बागपत जनपद में बेटियों के सम्मान, नवजात बच्चों के बेहतर स्वास्थ्य और आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को उपचार सहायता प्रदान करने के उद्देश्य से “नन्ही कली पहल” का भव्य शुभारंभ किया गया। यह कार्यक्रम बड़ौत स्थित डॉ. नरेंद्र कुमार मूर्ति हॉस्पिटल में आयोजित हुआ, जहां बड़ी संख्या में अधिकारी, चिकित्सक और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ डीएम अस्मिता लाल ने किया। इस दौरान उन परिवारों को विशेष रूप से सम्मानित किया गया, जिनके घर बेटियों ने जन्म लिया है। आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की नवजात बेटियों को “नन्ही कली” गुड़िया भेंट कर समाज में बेटियों के प्रति सकारात्मक संदेश देने का प्रयास किया गया। डीएम ने कहा कि बेटियां केवल परिवार ही नहीं, बल्कि पूरे समाज का भविष्य होती हैं और उनका सम्मान तथा सुरक्षा समाज की प्राथमिक जिम्मेदारी है।
इस पहल को आगे बढ़ाते हुए डॉ. अभिनव तोमर ने बड़ा ऐलान करते हुए कहा कि उनके अस्पताल में आर्थिक रूप से कमजोर मरीजों को इलाज में लगभग 70 प्रतिशत तक की छूट दी जाएगी, ताकि कोई भी जरूरतमंद परिवार आर्थिक तंगी के कारण उपचार से वंचित न रहे। उन्होंने कहा कि “नन्ही कली पहल” केवल स्वास्थ्य सेवाओं तक सीमित नहीं है, बल्कि यह बेटियों के सम्मान, सुरक्षित भविष्य और सामाजिक जागरूकता का एक व्यापक अभियान है।कार्यक्रम में एसडीएम भावना सिंह, सीएचसी अधीक्षक विजय कुमार, जिला सूचना अधिकारी राहुल भाटी सहित कई प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे। सभी ने इस पहल को समाज में सकारात्मक बदलाव की दिशा में एक प्रेरणादायक कदम बताया। बागपत प्रशासन की यह पहल अब जिले में बेटियों के सम्मान और जरूरतमंद परिवारों के स्वास्थ्य सहयोग का एक नया मॉडल बनती दिखाई दे रही है।


