TRENDING TAGS :
Baghpat News: रमाला चीनी मिल की खोई में लगी भीषण आग, टला बड़ा हादसा
Baghpat News: बागपत की रमाला चीनी मिल की खोई में भीषण आग लग गई। दमकल गाड़ियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। पूरी रिपोर्ट पढ़ें।
Baghpat News(Photo-Social Media)
Baghpat News: उत्तर प्रदेश के बागपत जनपद की रमाला सहकारी चीनी मिल में मंगलवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई जब मिल परिसर में बैगास कैरियर में वेल्डिंग कार्य करते समय रखी खोई (बैगास) के ढेर में अचानक भीषण आग लग गई। आग की लपटें और धुएं का गुबार उठता देख कर्मचारियों और अधिकारियों में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाने के प्रयास शुरू किए गए।
वेल्डिंग का कार्य के दौरान लगी आग
प्राप्त जानकारी के अनुसार पेराई सत्र समाप्त होने के बाद चीनी मिल में विभिन्न मशीनों और उपकरणों की मरम्मत का कार्य चल रहा था। इसी दौरान बैगास कैरियर पर वेल्डिंग का कार्य किया जा रहा था। आशंका जताई जा रही है कि वेल्डिंग के दौरान निकली चिंगारी पास में रखी खोई पर गिर गई, जिससे आग भड़क उठी। देखते ही देखते आग ने खोई के बड़े हिस्से को अपनी चपेट में ले लिया। आग लगने की सूचना मिलते ही मिल प्रशासन ने तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। वहीं दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग को फैलने से रोकने के लिए मोर्चा संभाल लिया।
घंटों की मशक्कत के बाद पाया काबू
वहीं आग पर काबू पाने के लिए दमकल कर्मियों को घंटों तक कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। मिल प्रशासन के अधिकारियों के अनुसार यदि आग पर समय रहते नियंत्रण नहीं पाया जाता तो यह आग बॉयलर सेक्शन तक पहुंच सकती थी, जिससे बड़ा औद्योगिक हादसा होने की आशंका थी। आग की भयावहता को देखते हुए कुछ समय के लिए कर्मचारियों में भगदड़ जैसी स्थिति भी बन गई, हालांकि सभी को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचा दिया गया। घटना में किसी जनहानि की सूचना नहीं है, लेकिन आग से खोई और अन्य सामग्री को नुकसान पहुंचा है। आग लगने के कारणों की जांच कराई जा रही है। वहीं मिल प्रशासन ने भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए सुरक्षा मानकों की समीक्षा करने की बात कही है।
समय रहते बुझी आग, टला बड़ा संकट
बागपत। चीनी मिलों में खोई अत्यधिक ज्वलनशील मानी जाती है। विशेषज्ञों के अनुसार खोई में लगी आग तेजी से फैलती है और यदि यह बॉयलर या अन्य संवेदनशील इकाइयों तक पहुंच जाए तो बड़ा हादसा हो सकता है। रमाला चीनी मिल में भी आग बॉयलर क्षेत्र के नजदीक पहुंचने की आशंका थी, लेकिन दमकल कर्मियों और मिल कर्मचारियों की तत्परता से समय रहते स्थिति पर नियंत्रण पा लिया गया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।


