Baghpat News: बागपत पुलिस ने 32 लाख के 151 गुम मोबाइल बरामद कर मालिकों को लौटाए

Baghpat News: बागपत पुलिस और सर्विलांस टीम ने CEIR पोर्टल की मदद से 32 लाख रुपये कीमत के 151 गुम मोबाइल बरामद कर उनके मालिकों को वापस सौंप दिए।

Paras Jain
Published on: 17 May 2026 4:48 PM IST
Baghpat News
X

Baghpat News(Photo-Social Media)

Baghpat News: बागपत से एक बड़ी और राहत भरी खबर सामने आई है। बागपत पुलिस और सर्विलांस टीम ने तकनीक और कड़ी मेहनत के दम पर करीब 32 लाख रुपये कीमत के 151 गुम मोबाइल फोन बरामद कर उनके असली मालिकों को वापस सौंप दिए। खास बात यह रही कि ये मोबाइल अलग-अलग जिलों और राज्यों से ट्रेस किए गए, जो पुलिस की सक्रियता और मजबूत तकनीकी नेटवर्क को दर्शाता है। खोया हुआ मोबाइल वापस मिलना आम लोगों के लिए किसी खुशी से कम नहीं होता। इस अभियान ने न सिर्फ लोगों को उनका सामान लौटाया, बल्कि पुलिस के प्रति जनता का भरोसा भी मजबूत किया है।

CEIR पोर्टल की मदद से मिली सफलता

पुलिस को यह सफलता CEIR पोर्टल पर दर्ज शिकायतों के आधार पर मिली। शिकायत मिलने के बाद जनपद के सभी थानों और सर्विलांस टीम को सक्रिय किया गया। टीमों ने लगातार अभियान चलाकर जिले समेत अन्य जनपदों और राज्यों से भी मोबाइल फोन बरामद किए।

कई कंपनियों के मोबाइल हुए बरामद

बरामद मोबाइलों में विभिन्न कंपनियों के फोन शामिल हैं। इनमें सबसे ज्यादा 30 मोबाइल ओप्पो कंपनी के मिले। इसके अलावा 25 सैमसंग, 23 रेडमी, 20 वीवो, 15 रियलमी, 10 वनप्लस और पोको, 7 मोटोरोला, 3 टेक्नो और 2 एप्पल आईफोन बरामद किए गए। साथ ही IQOO, इंफिनिक्स और लावा कंपनियों के भी 2-2 मोबाइल मिले हैं।

इन क्षेत्रों से हुई सबसे ज्यादा बरामदगी

इस अभियान में सर्विलांस सेल ने सबसे अधिक 45 मोबाइल बरामद किए। बड़ौत थाना 34 मोबाइल के साथ दूसरे स्थान पर रहा। इसके अलावा बिनौली से 19, खेकड़ा से 14, छपरौली से 11 और कोतवाली बागपत से 9 मोबाइल बरामद किए गए। अन्य थानों ने भी इस अभियान में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

मालिकों को लौटाए गए मोबाइल

17 मई 2026 को पुलिस लाइन सभागार में आयोजित प्रेसवार्ता के बाद सभी 151 मोबाइल उनके वास्तविक मालिकों को सौंप दिए गए। अपने खोए हुए मोबाइल वापस पाकर लोगों के चेहरे खुशी से खिल उठे। कई लोगों ने पुलिस टीम का आभार जताते हुए कहा कि उन्हें उम्मीद नहीं थी कि उनका मोबाइल दोबारा मिल पाएगा।

पुलिस ने जनता से की अपील

पुलिस अधिकारियों ने कहा कि आधुनिक सर्विलांस तकनीक और त्वरित कार्रवाई के जरिए गुम या चोरी हुए मोबाइलों को तलाशना संभव है। उन्होंने लोगों से अपील की कि मोबाइल खोने या चोरी होने पर तुरंत पुलिस और CEIR पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके। बागपत पुलिस का यह अभियान तकनीकी दक्षता और जनसेवा का एक बेहतरीन उदाहरण बनकर सामने आया है।

Anjali Soni

Anjali Soni

Mail ID - theanjalisonisoni111@gmail.com

Next Story