TRENDING TAGS :
Baghpat News: प्रधानमंत्री की अपील का असर, रटौल नगर पंचायत अध्यक्ष साइकिल से पहुंचे कार्यालय
Baghpat News: बागपत के रटौल नगर पंचायत अध्यक्ष हाजी मुंतजिर प्रधानमंत्री की अपील के समर्थन में साइकिल से कार्यालय पहुंचे। उन्होंने ईंधन बचत और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
Baghpat News(Photo-Social Media)
Baghpat News: उत्तर प्रदेश के बागपत जनपद के रटौल नगर पंचायत में शुक्रवार को एक अनोखी पहल देखने को मिली, जब नगर पंचायत अध्यक्ष हाजी मुंतजिर अपने घर से साइकिल चलाकर कार्यालय पहुंचे। यह कदम उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की उस अपील के समर्थन में उठाया, जिसमें देशवासियों से पेट्रोल, डीजल और अन्य संसाधनों की खपत कम करने की बात कही गई है।
वैश्विक हालात को देखते हुए उठाया कदम
इस बाबत जानकारी देते हुए नगर पंचायत अध्यक्ष हाजी मुंतजिर ने बताया कि वर्तमान वैश्विक परिस्थितियों और युद्ध जैसे हालात के कारण पेट्रोल, डीजल और गैस जैसी आवश्यक वस्तुओं की उपलब्धता प्रभावित हो रही है। ऐसे में प्रधानमंत्री की ओर से संसाधनों के सीमित उपयोग और बचत पर जोर दिया गया है। इसी संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से उन्होंने स्वयं साइकिल का उपयोग कर एक उदाहरण प्रस्तुत किया।
कर्मचारियों से भी की ईंधन बचत की अपील
कार्यालय पहुंचने के बाद हाजी मुंतजिर ने नगर पंचायत कर्मचारियों से भी अपील की कि वे यथासंभव निजी वाहनों का कम उपयोग करें और पैदल या साइकिल से कार्यालय आने की आदत डालें। उन्होंने कहा कि इससे न केवल ईंधन की बचत होगी बल्कि पर्यावरण को भी लाभ मिलेगा और लोगों का व्यक्तिगत खर्च भी कम होगा।
नियमित रूप से साइकिल चलाने का लिया संकल्प
हाजी मुंतजिर ने कहा कि यह पहल केवल एक दिन के लिए नहीं है बल्कि वह आगे भी नियमित रूप से साइकिल या पैदल ही कार्यालय आएंगे। उनका मानना है कि यदि जनप्रतिनिधि स्वयं उदाहरण पेश करें तो आम जनता भी प्रेरित होकर बदलाव की दिशा में कदम बढ़ाती है। उन्होंने कहा कि ऐसे प्रयास लगातार जारी रहें तो न केवल ईंधन की बचत होगी बल्कि स्वास्थ्य और पर्यावरण दोनों के लिए भी यह लाभकारी साबित होगा।


