TRENDING TAGS :
Baghpat News: टेंट व्यापारियो के खिलाफ मुकदमा दर्ज होने के बाद हुआ वरुण लुहारी का अंतिम संस्कार
Baghpat News: बड़ौत गोलीकांड मामले में टेंट व्यापारियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज होने के बाद हिस्ट्रीशीटर वरुण लुहारी का अंतिम संस्कार किया गया। मामले को लेकर क्षेत्र में चर्चा और पुलिस जांच जारी है।
Baghpat News(Photo-Social Media)
Baghpat News: चर्चित बड़ौत गोलीकांड में मारे गए हिस्ट्रीशीटर वरुण लुहारी का अंतिम संस्कार आखिरकार मुकदमा दर्ज होने के बाद संपन्न हो गया। परिजनों ने पहले स्पष्ट कर दिया था कि जब तक वरुण की मौत के मामले में व्यापारियो के खिलाफ मुकदमा दर्ज नहीं होगा, तब तक उसका अंतिम संस्कार नहीं किया जाएगा। पुलिस द्वारा दो नामजद और पांच-छह अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किए जाने के बाद परिजन अंतिम संस्कार के लिए तैयार हुए। गुरुवार तड़के करीब तीन बजे पोस्टमार्टम के बाद वरुण लुहारी का शव बड़ौत स्थित उसके आवास पर पहुंचा।
शव पहुंचने के बाद से ही घर और आसपास के क्षेत्र में लोगों की भीड़ जुटनी शुरू हो गई थी। परिजनों और समर्थकों ने रिपोर्ट दर्ज होने तक अंतिम संस्कार करने से साफ इंकार कर दिया था, जिसके चलते कई घंटों तक स्थिति तनावपूर्ण बनी रही। इस दौरान मौके पर मौजूद प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों तथा परिजनों के बीच कई दौर की वार्ता हुई। बताया जाता है कि कई बार लोगों के बीच आपसी तकरार भी हुई, जबकि पुलिस और प्रशासन लगातार माहौल को शांत बनाए रखने में जुटा रहा। क्षेत्र की संवेदनशीलता को देखते हुए भारी पुलिस बल और पीएसी भी तैनात रही।
आखिरकार हिस्ट्रीशीटर वरुण लुहारी की मौत के मामले में दो लोगों को नामजद करते हुए पांच-छह अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। इसके बाद परिजन अंतिम संस्कार के लिए राजी हो गए। इसके उपरांत गमगीन माहौल में अंतिम यात्रा निकाली गई और श्मशान घाट पर हिस्ट्रीशीटर वरुण लुहारी का अंतिम संस्कार किया गया। वरुण को उसके भतीजे प्रणव ने मुखाग्नि दी।
गौरतलब है कि दो दिन पहले बड़ौत में हुए सनसनीखेज गोलीकांड में टेंट व्यापारी सोहनलाल और उनके पुत्र विकास की हिस्ट्रीशीटर वरुण लुहारी व उसके साथियों ने गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। पुलिस के अनुसार घटना में हिस्ट्रीशीटर वरुण लुहारी की भी भूमिका सामने आई थी। वारदात के बाद भीड़ के हत्थे चढ़े हिस्ट्रीशीटर वरुण को गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया था, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई थी। व्यापारी पिता-पुत्र और वरुण लुहारी की मौत के बाद से पूरे क्षेत्र में तनावपूर्ण माहौल बना हुआ है। पुलिस एक ओर हत्याकांड में फरार आरोपियों की तलाश में जुटी है, वहीं दूसरी ओर वरुण की मौत के मामले में दर्ज मुकदमे की भी जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि दोनों मामलों में निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।


