Baghpat News: मामूली कहासुनी पर तलवारबाज बना किशोर, गली में दौड़ाकर किया हमला, CCTV में कैद हुई घटना

Baghpat News: बागपत में मामूली विवाद के बाद किशोर ने तलवार लेकर युवक पर हमला करने का प्रयास किया। पूरी घटना CCTV में कैद, पुलिस जांच में जुटी।

Paras Jain
Published on: 1 Jun 2026 8:14 PM IST
Baghpat News: मामूली कहासुनी पर तलवारबाज बना किशोर, गली में दौड़ाकर किया हमला, CCTV में कैद हुई घटना
X

Baghpat News: उत्तर प्रदेश के बागपत जिले के पुराना कस्बा क्षेत्र में मामूली कहासुनी के बाद एक किशोर द्वारा तलवार से हमला करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। दिनदहाड़े हुई इस घटना का वीडियो गली में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया, जो अब सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है।

बताया जा रहा है कि सोमवार दोपहर करीब 3:15 बजे किसी छोटी सी बात को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हो गया। देखते ही देखते मामला इतना बढ़ गया कि एक किशोर तलवार लेकर मौके पर पहुंच गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आरोपी ने युवक को जान से मारने की धमकी देते हुए उस पर हमला करने का प्रयास किया।



जान बचाकर भागा युवक

सीसीटीवी फुटेज में देखा जा सकता है कि किशोर दोनों हाथों में तलवार लहराते हुए युवक की ओर तेजी से दौड़ रहा है। युवक ने खतरा भांपते हुए भागकर अपने घर में शरण ली, जिससे उसकी जान बच गई। इसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।

दहशत में आए लोग, कोई नहीं आया बचाव में

घटना के दौरान गली में मौजूद महिलाएं, बच्चे और अन्य स्थानीय लोग भयभीत नजर आए। अचानक हुए हमले से पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। वीडियो में साफ दिखाई देता है कि लोग दूरी बनाकर खड़े हैं और कोई भी आरोपी को रोकने की हिम्मत नहीं जुटा पा रहा।

पुलिस ने शुरू की जांच

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ की है तथा सीसीटीवी फुटेज को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि वीडियो और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपी किशोर की पहचान की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद उसके खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी घटना

दिनदहाड़े तलवार लहराते हुए गली में दौड़ने की यह घटना स्थानीय लोगों के बीच चर्चा का विषय बनी हुई है। लोगों का कहना है कि मामूली विवाद का इस तरह हिंसक रूप लेना चिंताजनक है और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जरूरत है।

Paras Jain
ABOUT THE AUTHOR

Paras Jain

Next Story