TRENDING TAGS :
डीएम दिव्यांशु पटेल का डिजिटल मास्टरस्ट्रोक - एक QR कोड में पूरी चुनावी व्यवस्था!
Baghpat News: डीएम दिव्यांशु पटेल ने 8.48 लाख मतदाताओं के लिए स्वीप बागपत डिजिटल प्लेटफॉर्म शुरू किया है। एक QR कोड से मिलेंगी कई जरूरी चुनावी सुविधाएं।
Baghpat News: वोटर लिस्ट में अपना नाम देखना हो, बीएलओ से संपर्क करना हो या फिर चुनाव से जुड़ी कोई शिकायत दर्ज करानी हो, अब इन कामों के लिए अलग-अलग वेबसाइट और कार्यालयों के चक्कर लगाने की जरूरत नहीं पड़ेगी। मोबाइल से एक क्यूआर कोड स्कैन करते ही निर्वाचन से जुड़ी कई महत्वपूर्ण सुविधाएं एक ही डिजिटल प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध होंगी। बागपत में 8.48 लाख से अधिक मतदाताओं की सुविधा के लिए जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी दिव्यांशु पटेल ने 'स्वीप बागपत' डिजिटल प्लेटफॉर्म का शुभारंभ किया है। खास बात यह है कि इसके लिए मोबाइल में अलग से कोई एप डाउनलोड करने की भी जरूरत नहीं है।
डिजिटल सुविधाओं के इस नए प्रयोग से जिले की निर्वाचन व्यवस्था को मतदाताओं के और करीब लाने की कोशिश की गई है। अभी तक मतदाता सूची में नाम देखने, बीएलओ का संपर्क नंबर खोजने, आवेदन करने या निर्वाचन आयोग की अलग-अलग सेवाओं तक पहुंचने के लिए लोगों को कई वेबसाइट और लिंक तलाशने पड़ते थे। लेकिन अब एक ही क्यूआर कोड के जरिए इन सभी सुविधाओं तक पहुंच बनाई जा सकेगी। इसका सीधा फायदा खासतौर पर युवाओं, पहली बार वोट बनवाने वाले नागरिकों और उन लोगों को मिलेगा, जिन्हें निर्वाचन संबंधी ऑनलाइन प्रक्रियाओं की जानकारी कम है।
जिलाधिकारी दिव्यांशु पटेल ने कलेक्ट्रेट सभागार में इस प्लेटफॉर्म का शुभारंभ करते हुए मतदाता सेवाओं को सरल और सुलभ बनाने पर जोर दिया। बागपत की तीन विधानसभा सीटों छपरौली, बड़ौत और बागपत में कुल 8,48,126 मतदाता पंजीकृत हैं। जिले में 510 मतदान केंद्रों के अंतर्गत 1,049 मतदेय स्थल हैं। इतनी बड़ी मतदाता आबादी तक जरूरी सूचनाएं और सुविधाएं आसानी से पहुंचाना प्रशासन के सामने बड़ी जिम्मेदारी है। स्वीप बागपत इसी दिशा में तकनीक के इस्तेमाल से तैयार किया गया एक साझा डिजिटल माध्यम है।
एक क्यूआर कोड में कई सुविधाएं
इस प्लेटफॉर्म की सबसे खास बात इसकी उपयोगिता है। मतदाता अपने मोबाइल से क्यूआर कोड स्कैन करके या linktr.ee/SveepBaghpat लिंक खोलकर सीधे इससे जुड़ सकते हैं। यहां मतदाता सूची में अपना नाम खोजने, मतदाता हेल्पलाइन नंबर 1950 पर संपर्क करने और अपने बूथ लेवल ऑफिसर (बीएलओ) से संपर्क के लिए कॉल बुक करने जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। इसके अलावा जिला निर्वाचन कार्यालय के स्वीप अनुभाग और मतदाता जागरूकता से जुड़ी गतिविधियों की जानकारी भी मिलेगी।
प्लेटफॉर्म के जरिए भारत निर्वाचन आयोग की मतदाता हेल्पलाइन एप, नागरिक सेवा पोर्टल, सक्षम एप, केवाईसी एप और सी-विजिल जैसी डिजिटल सेवाओं तक भी पहुंच बनाई गई है। नए मतदाता पंजीकरण और निर्वाचन संबंधी आवेदन की जानकारी से लेकर प्रत्याशियों के शपथपत्र देखने तथा आदर्श आचार संहिता के उल्लंघन की शिकायत दर्ज कराने तक की सुविधाएं इससे जुड़ी हैं। दिव्यांग मतदाताओं के लिए सक्षम एप की जानकारी भी एक ही स्थान पर उपलब्ध होगी।
नए मतदाताओं के लिए भी खास सुविधा
इस डिजिटल पहल को मौजूदा विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान-2027 से भी जोड़ा गया है। मुख्य विकास अधिकारी एवं स्वीप नोडल अधिकारी अनिल कुमार सिंह के अनुसार, 21-22 और 28-29 नवंबर को विशेष अभियान के दौरान मतदाता अपने मतदान बूथ पर पहुंचकर मतदाता सूची में अपना नाम जांच सकेंगे। जिन पात्र युवाओं का नाम सूची में दर्ज नहीं है, वे नया वोट बनवाने के लिए आवेदन कर सकेंगे। नाम, पता या अन्य विवरण में संशोधन से संबंधित आवेदन की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी।
मतदाता जागरूकता को रोचक बनाने के लिए प्लेटफॉर्म पर डिजिटल सेल्फी अभियान भी शुरू किया गया है। इसके जरिए लोग अपनी डिजिटल सेल्फी पोस्टर के माध्यम से साझा कर सकते हैं और परिवार, मित्रों तथा सोशल मीडिया के जरिए मतदान के प्रति जागरूकता का संदेश फैला सकते हैं। खासकर पहली बार मतदान करने जा रहे युवाओं को इस अभियान से जोड़ने की कोशिश की गई है।
नियमित अपडेट होंगी निर्वाचन संबंधी जानकारियां
बागपत के एडीएम वित्त एवं राजस्व राजीव कुमार राय प्लेटफॉर्म की नियमित समीक्षा और निगरानी करेंगे। निर्वाचन से जुड़ी नई सूचनाएं, आगामी अभियान की तारीखें और महत्वपूर्ण जानकारियां इसमें लगातार अपडेट की जाएंगी, ताकि मतदाताओं को एक ही लिंक पर नवीनतम जानकारी मिलती रहे। वही इस अवसर पर डिजिटल सेल्फी पोस्टर का विमोचन भी किया गया।
बागपत प्रशासन की यह पहल निर्वाचन जागरूकता को केवल रैली, पोस्टर और नारों तक सीमित रखने के बजाय सीधे नागरिकों की जरूरतों से जोड़ती है। अब मतदाता को चुनाव संबंधी जानकारी के लिए कई जगह भटकने के बजाय एक ही क्यूआर कोड से डिजिटल सेवाओं तक पहुंचने का रास्ता मिल गया है। प्रशासन की अपील है कि अधिक से अधिक लोग इस प्लेटफॉर्म से जुड़ें और इसकी जानकारी अपने आसपास के लोगों तक भी पहुंचाएं।


