TRENDING TAGS :
Baghpat: वरुण लुहारी की अंत्येष्टि के बाद नया मोड़, घायल युवक के परिवार ने निष्पक्ष जांच की मांग की
Baghpat News: बड़ौत में व्यापारी पिता-पुत्र हत्याकांड और वरुण लुहारी की मौत के मामले में नया मोड़ सामने आया है। गोली लगने से घायल युवक रोहित सैनी के परिजनों ने निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग उठाई है।
Baghpat News
Baghpat News: व्यापारी पिता-पुत्र हत्याकांड और उसके बाद मुख्य आरोपी हिस्ट्रीशीटर वरुण लुहारी की भीड़ द्वारा हत्या किए जाने के मामले में अब एक नया मोड़ सामने आया है। घटना के दौरान एक राहगीर के गोली लगने की बात भी सामने आई है, जिसके बाद उसके परिजनों ने मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
जानकारी के अनुसार, घायल युवक की पहचान रोहित सैनी पुत्र तेजराम सैनी, निवासी पट्टी चौधरान, के रूप में हुई है। परिजनों का कहना है कि रोहित का इस पूरे विवाद से कोई संबंध नहीं था और वह घटना के समय वहां से गुजर रहा था। इसी दौरान उसके सीधे पैर में गोली लग गई। घायल अवस्था में उसे पहले सीएचसी बड़ौत ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे मेरठ मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। वर्तमान में उसका उपचार मेरठ मेडिकल कॉलेज में चल रहा है।रोहित के परिजनों का आरोप है कि
घटना के दौरान हुई गोलीबारी का शिकार उनका भतीजा भी हुआ है, इसलिए मामले की जांच में उसकी स्थिति और परिस्थितियों को भी शामिल किया जाना चाहिए। परिजनों ने कहा है कि वे पुलिस अधिकारियों से मुलाकात कर उन लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग करेंगे, जिनकी ओर से चलाई गई गोली के कारण रोहित घायल हुआ।घटना को लेकर अब नया विवाद भी खड़ा होता दिखाई दे रहा है। रोहित के परिजनों का कहना है कि यदि जांच में यह सामने आता है कि गोली किसी अन्य पक्ष की ओर से चलाई गई थी, तो संबंधित लोगों के खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की जानी चाहिए।
इस मांग के बाद मामला केवल व्यापारी पिता-पुत्र हत्याकांड तक सीमित नहीं रह गया है, बल्कि गोलीबारी में घायल हुए अन्य लोगों से जुड़े पहलुओं की जांच की मांग भी तेज हो गई है। वरुण लुहारी के अंतिम संस्कार के बाद अब एक नया पक्ष खुलकर सामने आता नजर आ रहा है, जो पूरे घटनाक्रम की निष्पक्ष जांच और सभी जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहा है।ऐसे में पुलिस जांच पर सभी की निगाहें टिकी हुई हैं और आने वाले दिनों में मामले से जुड़े नए तथ्य सामने आ सकते हैं।


