TRENDING TAGS :
बहराइच में हादसाः पिकअप ने दो महिलाओं समेत तीन लोगों को रौंदा, परिवार में छाया मातम
Bahraich Accident: दरगाह थाने के अशोखा के मजरे सोहापारा में मंगलवार सुबह 48 वर्षीय अशोक द्विवेदी पुत्र अशोक द्विवेदी खेत गए थे।
Bahraich Accident
Bahraich Accident: उत्तर प्रदेश के बहराइच जनपद में मंगलवार सुबह दर्दनाक हादसा हो गया। बहराइच-बलरामपुर हाईवे के सोहापारा के पास मंगलवार सुबह तेज रफ्तार पिकअप ने दो महिलाओं समेत तीन लोगों को कुचल दिया। लोगों को रौंदने के बाद अनियंत्रित पिकअप पेड़ से टकराकर पलट गयी। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गयी। घायलों को उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज ले जाया गया। जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद तीनों को मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।
मिली जानकारी के अनुसार दरगाह थाने के अशोखा के मजरे सोहापारा में मंगलवार सुबह 48 वर्षीय अशोक द्विवेदी पुत्र अशोक द्विवेदी खेत गए थे। खेत में काम करने के बाद वह वापस घर लौट रहे थे। वहीं पार्क में पूजा के लिए फूल तोड़ने के बाद 48 वर्षीय जयंती देवी पत्नी जगदंबा और मुरौव्वा गांव में रहने वाली 45 वर्षीय संतोष पत्नी राम छबीले शुक्ला भी घर वापस जा रही थीं। तभी तेज रफ्तार पिकअप ने तीनों को रौंद दिया। हादसे के बाद पिकअप पेड़ से टकराकर पलट गया।
हादसे के बाद पिकअप चालक मौके से भाग निकला। मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने पुलिस को जानकारी दी और घायलों को आनन-फानन में एंबुलेंस की मदद से मेडिकल कॉलेज भेजा गया। जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद तीनों को मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद मृतकों के परिजनों में मातम छाया हुआ है। घटना की जानकारी होने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस ने पिकअप को कब्जे में ले लिया है। घटना के संबंध में दरगाह थाने के प्रभारी निरीक्षक रामाज्ञा सिंह ने बताया कि हादसे के बाद पिकअप को जब्त कर लिया है। वहीं मौके से फरार चालक की तलाश की जा रही है। मामले की जांच शुरू कर दी गई है।


