TRENDING TAGS :
Bahraich News: बहराइच में एंटी करप्शन टीम की बड़ी कार्रवाई, रिश्वत लेते डिस्ट्रिक्ट मैनेजर गिरफ्तार
Bahraich News: बहराइच में एंटी करप्शन टीम ने सीएससी और आधार सेवा केंद्र के डिस्ट्रिक्ट मैनेजर को 10 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया।
बहराइच में एंटी करप्शन टीम की बड़ी कार्रवाई, रिश्वत लेते डिस्ट्रिक्ट मैनेजर गिरफ्तार (Photo- Newstrack)
Bahraich News: बहराइच: भ्रष्टाचार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एंटी करप्शन टीम गोंडा ने मंगलवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए सीएससी कॉमन सर्विस सेंटर व आधार सेवा केंद्र के डिस्ट्रिक्ट मैनेजर को 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। आरोपी पर आधार सेवा केंद्र संचालित करने के एवज में प्रतिमाह अवैध वसूली करने का आरोप हैं।
आधार केंद्र चलाने के नाम पर पैसे की मांग
जानकारी के अनुसार, देहात कोतवाली क्षेत्र के बहादुरचक गांव निवासी राजेंद्र कुमार ने एंटी करप्शन टीम गोंडा के निरीक्षक धनंजय सिंह से शिकायत की थी। शिकायत में बताया गया कि लखनऊ निवासी आशुतोष पांडे, जो सीएससी कॉमन सेंटर एवं आधार सेवा केंद्र के डिस्ट्रिक्ट मैनेजर पद पर तैनात है, उनसे आधार केंद्र चलाने के नाम पर हर महीने 10 हजार रुपये की मांग कर रहा था।
शिकायत को गंभीरता से लेते हुए एंटी करप्शन टीम ने जाल बिछाया। मंगलवार को नगर पालिका के पास आरोपी आशुतोष पांडे को शिकायतकर्ता से 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया गया।
भेष बदलकर कार्रवाई को अंजाम दिया गया
बताया जा रहा है कि आरोपी को पकड़ने के लिए टीम के सदस्यों ने भेष बदलकर कार्रवाई को अंजाम दिया, ताकि किसी प्रकार का शक न हो सके। अचानक हुई इस कार्रवाई से मौके पर हड़कंप मच गया।
एंटी करप्शन टीम के निरीक्षक धनंजय सिंह ने बताया कि आरोपी के खिलाफ नगर कोतवाली में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कराया गया है। फिलहाल टीम आगे की विधिक कार्रवाई में जुटी हुई है।


