TRENDING TAGS :
बहराइच में दृष्टि बैठक: लाभार्थियों की सूची देने और दिसंबर तक आयुष्मान कार्ड का लक्ष्य
Bahraich News: विधायक सुभाष त्रिपाठी की अध्यक्षता में विकास योजनाओं की समीक्षा, 70 वर्ष से अधिक के बुजुर्गों के आयुष्मान कार्ड व योजनाओं के प्रचार-प्रसार के निर्देश।
Bahraich News: पयागपुर विधायक सुभाष त्रिपाठी की अध्यक्षता में शनिवार को विकास भवन सभागार में जिला स्तरीय विकास कार्य अनुश्रवण (दृष्टि) की द्वितीय बैठक आयोजित हुई। बैठक में विभिन्न विभागों की ओर से संचालित विकास एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने और जनप्रतिनिधियों के साथ बेहतर समन्वय बनाने के निर्देश दिए गए। बैठक में एमएलसी पदमसेन चौधरी व डॉ. प्रज्ञा त्रिपाठी, महसी विधायक सुरेश्वर सिंह, बलहा विधायक सरोज सोनकर सहित ब्लॉक प्रमुख एवं जिला पंचायत सदस्य मौजूद रहे।
बैठक में विधायक सुभाष त्रिपाठी ने निर्देश दिया कि सभी विभाग अपनी योजनाओं, पात्रता और आवेदन प्रक्रिया की जानकारी ब्लॉक मुख्यालयों पर होर्डिंग के माध्यम से प्रदर्शित कराएं। साथ ही लाभार्थियों को यह भी बताया जाए कि योजना से संबंधित समस्या होने पर वह किस अधिकारी से संपर्क कर उसका समाधान करा सकते हैं।
स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा में बताया गया कि 70 वर्ष से अधिक आयु के बुजुर्गों के आयुष्मान कार्ड बनाने के लिए निर्धारित 90 हजार के लक्ष्य के सापेक्ष अब तक 43 हजार कार्ड बनाए जा चुके हैं। विधायक ने दिसंबर 2026 तक शत-प्रतिशत बुजुर्गों के आयुष्मान कार्ड बनाने और कार्डधारकों की सूची जनप्रतिनिधियों को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
आवास योजनाओं में अपात्र घोषित किए गए लाभार्थियों की शिकायतों के निस्तारण के लिए ब्लॉक स्तर पर रजिस्टर बनाने, जांच कर पारदर्शी तरीके से शिकायतों का निस्तारण करने, अपात्रों को लिखित जानकारी देने तथा आवास सूची प्रकाशित कराने को कहा गया। ग्राम पंचायतों के लंबित भुगतान का शीघ्र निस्तारण करने और अन्नपूर्णा भवनों का जनप्रतिनिधियों से लोकार्पण कराने के निर्देश भी दिए गए।
राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत टीएचआर यूनिट और गठित समूहों की सूची जनप्रतिनिधियों को उपलब्ध कराने को कहा गया। बलहा विधायक सरोज सोनकर ने सुझाव दिया कि समूहों से जुड़े सभी सदस्यों को आयोजनों और बैठकों में आमंत्रित किया जाए। पीएम किसान सम्मान निधि योजना के लाभार्थियों की सूची होर्डिंग के माध्यम से प्रचारित करने तथा सम्मान निधि से वंचित किसानों की सूची विधायकगण को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।
खाद एवं बीज वितरण के लिए ग्रामवार फसल आच्छादन का सर्वे कराकर किसानों को समय से मानक के अनुरूप खाद-बीज उपलब्ध कराने, बहुउद्देशीय पंचायत भवनों का निर्माण शीघ्र शुरू कराने और पूर्ण हो चुके अंत्येष्टि स्थलों का लोकार्पण कराने पर जोर दिया गया। सीएम युवा उद्यमी विकास अभियान के लंबित आवेदन निस्तारित करने के लिए बैंक प्रतिनिधियों के साथ बैठक करने, श्रम विभाग की योजनाओं का प्रचार-प्रसार करने और विधानसभा वार लाभार्थियों की सूची उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।
विद्युत विभाग के अधिकारियों को विधायकगण के साथ बैठक कर विधानसभा क्षेत्रों में संचालित योजनाओं की जानकारी देने, जिला प्रोबेशन अधिकारी को कन्या सुमंगला योजना के सभी पात्र लाभार्थियों को लाभान्वित करने तथा जिला खाद्य एवं विपणन अधिकारी को जिले के सभी धान क्रय केंद्र संचालित कराने को कहा गया।बैठक के अंत में मुख्य विकास अधिकारी सुनील कुमार धनवंता ने जनप्रतिनिधियों का आभार जताते हुए अधिकारियों को सभी निर्देशों एवं सुझावों का समयबद्ध अनुपालन सुनिश्चित कराने को कहा। इस अवसर पर मुख्य राजस्व अधिकारी सौरभ दुबे सहित अन्य जिला स्तरीय अधिकारी एवं बीडीओ मौजूद रहे।


