TRENDING TAGS :
Bahraich News: बहराइच का ऐतिहासिक घंटाघर पार्क संवरेगा, एक करोड़ से होगा कायाकल्प
Bahraich News: नगर पालिका परिषद के मेगा प्लान के तहत घंटाघर पार्क में भव्य प्रवेश द्वार, आधुनिक झूले, फव्वारा, सेल्फी पॉइंट, लाइटिंग और हरियाली विकसित की जाएगी।
बहराइच का ऐतिहासिक घंटाघर पार्क संवरेगा, एक करोड़ से होगा कायाकल्प (Photo- Newstrack)
Bahraich News: शहर के ऐतिहासिक घंटाघर पार्क की सूरत संवारने की कवायद तेज हो गई है। नगर पालिका परिषद ने करीब एक करोड़ से घंटाघर पार्क के सौंदर्यीकरण का मेगा प्रोजेक्ट तैयार किया है। इस परियोजना के तहत पार्क का मुख्य प्रवेश द्वार बदला जाएगा। वहीं, बच्चों के लिए आधुनिक झूले लगाए जाएंगे। विजिटर्स के लिए आकर्षक बेंच स्थापित की जाएगी।
नगर पालिका परिषद बहराइच की अध्यक्ष सुधा टेकड़ीवाल ने बताया कि घंटाघर की ऐतिहासिक पहचान सौंदर्यीकरण के बाद अधिक निखरकर सामने आएगी। घंटाघर शहर की ऐतिहासिक धरोहर है। इसे आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित कर इसकी मूल पहचान को संरक्षित रखा जाएगा। बताया कि पार्क में हरियाली बढ़ाने, आकर्षक लाइटिंग, इंटरलॉकिंग पथ, बैठने की बेहतर व्यवस्था और बच्चों के मनोरंजन के लिए झूले और सौंदर्याकरण के अन्य कार्य कराए जाएंगे। इसके साथ ही मुख्य गेट को भव्य व आकर्षक स्वरूप दिया जाएगा।
ऐतिहासिक वास्तुकला की झलक दिखेगी
चेयरमैन प्रतिनिधि श्याम करन टेकड़ीवाल ने बताया कि घंटाघर शहर के बीचोंबीच स्थित होने के कारण यहां बड़ी संख्या में लोग प्रतिदिन आते हैं। लंबे समय से इसके सौंदर्यीकरण की मांग हो रही थी। अब एक करोड़ रुपये की लागत से इसे आधुनिक पार्क के रूप में विकसित किया जाएगा। नया गेट ऐतिहासिक वास्तुकला की झलक का प्रतिरूप होगा। इससे घंटाघर की प्राचीन छवि बरकरार रहेगी।
सेल्फी प्वाइंट, फव्वारा, लाइटिंग से बढ़ेगा आकर्षण
इस पार्क में सेल्फी पॉइंट, सजावटी पौधे, फव्वारा, बेहतर साफ-सफाई व्यवस्था और पर्याप्त प्रकाश की व्यवस्था भी की जाएगी। परियोजना पूरी होने के बाद घंटाघर न केवल शहरवासियों के लिए आकर्षण का केंद्र बनेगा, बल्कि बाहर से आने वाले लोगों के लिए भी बहराइच की पहचान के रूप में उभरेगा। जल्द ही इसका कार्य शुरू होगा।
- नगर पालिका परिषद ने तैयार किया मेगा प्लान
- आकर्षक होगा पार्क का प्रवेश द्वार, लगेंगे आधुनिक झूले


