TRENDING TAGS :
Bahraich News:बहराइच में कानून-व्यवस्था पर हाईलेवल बैठक, एडीजी ने अपराध नियंत्रण को लेकर दिए निर्देश
Bahraich News: बहराइच पुलिस लाइन सभागार में एडीजी मुथा अशोक जैन की अध्यक्षता में कानून-व्यवस्था और अपराध नियंत्रण को लेकर हाईलेवल बैठक आयोजित हुई, जिसमें पुलिस अधिकारियों को कई सख्त निर्देश दिए गए।
Bahraich News
Bahraich News: बहराइच पुलिस लाइन सभागार में बुधवार को एडीजी मुथा अशोक जैन की अध्यक्षता में कानून-व्यवस्था एवं अपराध नियंत्रण को लेकर एक उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में अमित पाठक, विश्वजीत श्रीवास्तव समेत सभी क्षेत्राधिकारी, थाना प्रभारी और अभियोजन अधिकारी मौजूद रहे।बैठक में एडीजी ने संवेदनशील और अति संवेदनशील इलाकों में विशेष सतर्कता बरतने, नियमित गश्त, पैदल मार्च, मोबाइल पुलिस टीमों की सक्रियता बढ़ाने तथा आवश्यकता पड़ने पर सादे कपड़ों में पुलिसकर्मियों की तैनाती के निर्देश दिए। बाजारों, धार्मिक स्थलों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने को भी कहा गया।
हत्या, लूट, चोरी, महिला अपराध, पॉक्सो एक्ट और एससी/एसटी एक्ट से जुड़े मामलों में त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण विवेचना, शीघ्र गिरफ्तारी और समयबद्ध चार्जशीट दाखिल करने के निर्देश दिए गए। पीड़ितों के साथ संवेदनशील व्यवहार तथा घटनाओं के जल्द खुलासे पर भी विशेष जोर दिया गया।वांछित और इनामी अपराधियों के खिलाफ अभियान चलाकर गैंगस्टर एक्ट, गुंडा एक्ट और निरोधात्मक कार्रवाई को और सख्ती से लागू करने के निर्देश दिए गए। सोशल मीडिया पर फैलने वाली अफवाहों और भड़काऊ पोस्ट पर तत्काल कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए सोशल मीडिया सेल को पूरी तरह सक्रिय रखने को कहा गया।
“ऑपरेशन कन्विक्शन” के तहत लंबित मुकदमों में अधिक से अधिक सजा सुनिश्चित कराने के लिए पुलिस और अभियोजन के बेहतर समन्वय, गवाहों की समय पर पेशी और मजबूत पैरवी पर विशेष बल दिया गया। थाना स्तर पर नामित पैरवी अधिकारियों की नियमित मॉनिटरिंग के भी निर्देश दिए गए।महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा को लेकर मिशन शक्ति अभियान, महिला हेल्प डेस्क और महिला बीट पुलिसिंग को और सक्रिय करने को कहा गया। साइबर अपराध, मिसिंग पर्सन और महिला संबंधी शिकायतों पर तत्काल मुकदमा दर्ज कर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।
बैठक में कंट्रोल रूम की कार्यप्रणाली, त्वरित प्रतिक्रिया व्यवस्था और आधुनिक तकनीक के इस्तेमाल की भी समीक्षा की गई। सीसीटीवी, ड्रोन कैमरा, यक्ष ऐप और ई-साक्ष्य के अधिकतम उपयोग तथा डिजिटल मॉनिटरिंग सिस्टम को मजबूत करने पर जोर दिया गया।नेपाल सीमा से जुड़े सुजौली, नवाबगंज, मोतीपुर, रूपईडीहा और मुर्तिहा थानों की विशेष समीक्षा करते हुए तस्करी, अवैध घुसपैठ, मादक पदार्थों की तस्करी और मानव तस्करी पर सख्त निगरानी रखने के निर्देश दिए गए। एसएसबी के साथ संयुक्त चेकिंग अभियान लगातार चलाने, संदिग्ध व्यक्तियों का सत्यापन कराने और स्थानीय लोगों से खुफिया सूचनाएं जुटाने पर भी बल दिया गया।


