Bahraich News: झोपड़ी में सो रहे 42 वर्षीय अधेड़ पर तेंदुए का हमला, गन्ने के खेत में मिला अधखाया शव

Bahraich News: बहराइच के सुजौली थाना क्षेत्र में झोपड़ी में सो रहे 42 वर्षीय जयराम पर तेंदुए ने हमला कर दिया। सुबह उनका अधखाया शव 100 मीटर दूर गन्ने के खेत में मिला। दो माह पहले भी क्षेत्र में तेंदुए के हमले में एक वृद्ध महिला की मौत हुई थी।

Newstrack Network
Published on: 23 Nov 2026 2:25 PM IST
Bahraich News: झोपड़ी में सो रहे 42 वर्षीय अधेड़ पर तेंदुए का हमला, गन्ने के खेत में मिला अधखाया शव
X

Bahraich News

Bahraich News: सुजौली थाना क्षेत्र में तेंदुए का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। सोमवार तड़के सरयू नहर के किनारे बनी फूंस की झोपड़ी में सो रहे 42 वर्षीय व्यक्ति पर तेंदुए ने हमला कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। सुबह परिजन उसकी तलाश करते हुए झोपड़ी पर पहुंचे तो करीब 100 मीटर दूर गन्ने के खेत में उसका अधखाया शव पड़ा मिला। घटना के बाद इलाके में दहशत फैल गई है।

जानकारी के अनुसार, ग्राम पंचायत चफरिया के ओरी पुरवा निवासी जयराम पुत्र जमुना पिछले करीब आठ वर्षों से सरयू नहर के किनारे फूंस की झोपड़ी बनाकर रह रहे थे। वह रोज सुबह अपने घर जाकर परिजनों से मुलाकात करते थे। सोमवार सुबह जब जयराम घर नहीं पहुंचे तो उनकी मां केतकी देवी और पिता जमुना उन्हें देखने झोपड़ी पर पहुंचे। वहां चारपाई टूटी हुई थी और बिस्तर अस्त-व्यस्त पड़ा था। अनहोनी की आशंका होने पर परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। इस दौरान झोपड़ी से करीब 100 मीटर दूर गन्ने के खेत में उनका अधखाया शव मिला। बेटे का शव देखते ही माता-पिता चीख-पुकार करने लगे। शोर सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए।

ग्रामीणों ने शव को खेत से निकालकर झोपड़ी के पास रखा और वन विभाग व पुलिस को सूचना दी।सूचना मिलते ही थाना प्रभारी मंजेश कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।समाजसेवी तरुण तेजस ने बताया कि जयराम की शादी करीब 15 वर्ष पहले हुई थी, लेकिन शादी के एक साल बाद ही उनकी पत्नी की मृत्यु हो गई थी। उनकी कोई संतान नहीं थी।परिवार में उनके माता-पिता और दो बड़े भाई दीपक व सुधीर हैं। जयराम साधु-संतों की तरह जीवन व्यतीत करते थे। इसी वजह से वह पिछले आठ वर्षों से नहर किनारे झोपड़ी बनाकर रह रहे थे। ग्रामीणों के अनुसार, घटना रात करीब तीन से चार बजे के बीच होने की आशंका है, जबकि इसकी जानकारी सुबह करीब नौ बजे हुई।

दो माह पहले भी तेंदुए के हमले में हुई थी महिला की मौत

ग्रामीणों ने बताया कि घटनास्थल से महज 200 मीटर की दूरी पर करीब दो माह पहले भी तेंदुए ने एक वृद्ध महिला पर हमला कर उसकी जान ले ली थी। अब एक और व्यक्ति की मौत से क्षेत्र में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने वन विभाग से तत्काल पिंजरा लगाकर तेंदुए को पकड़ने और क्षेत्र में गश्त बढ़ाने की मांग की है।

Newstrack Network
ABOUT THE AUTHOR

Newstrack Network

Newstrack Desknewstracknetwork@gmail.com

Newstrack is one of the most Trusted and Popular news portal of India. Remain updated and aware, only on Newstrack

Next Story