बहराइच समाधान दिवस में डीएम-एसपी ने सुनीं समस्याएं, समयबद्ध निस्तारण के निर्देश

Bahraich News: बहराइच के थानों में आयोजित समाधान दिवस में डीएम और एसपी ने सुनीं शिकायतें, भूमि विवादों के समयबद्ध और निष्पक्ष निस्तारण के दिए निर्देश।

Anurag Pathak
Published on: 28 Nov 2026 2:50 PM IST
बहराइच समाधान दिवस में डीएम-एसपी ने सुनीं समस्याएं, समयबद्ध निस्तारण के निर्देश
X

Bahraich News: जनसमस्याओं के त्वरित और प्रभावी निस्तारण के लिए शनिवार को जिले के सभी थानों में थाना समाधान दिवस आयोजित किया गया। इसी क्रम में कोतवाली देहात में जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय और पुलिस अधीक्षक विश्वजीत श्रीवास्तव ने राजस्व अधिकारियों की टीम के साथ समाधान दिवस की संयुक्त अध्यक्षता की। इस दौरान अधिकारियों ने फरियादियों की शिकायतों को गंभीरता से सुना और संबंधित अधिकारियों को मामलों का निष्पक्ष, गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

डीएम और एसपी ने कहा कि शिकायतों के निस्तारण में किसी प्रकार की लापरवाही या अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए। जिन प्रकरणों का समाधान उच्चाधिकारी स्तर से किया जाना आवश्यक है, उनमें संबंधित आख्या और अभिलेख संलग्न कर तत्काल सक्षम अधिकारी को भेजा जाए, ताकि फरियादियों को समय से राहत मिल सके।

भूमि विवाद से जुड़े मामलों पर विशेष जोर देते हुए अधिकारियों ने पुलिस और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम को मौके पर पहुंचकर जांच करने तथा दोनों विभागों के बीच समन्वय स्थापित कर नियमानुसार समाधान कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शिकायतों के निस्तारण में पारदर्शिता, संवेदनशीलता और जवाबदेही का ध्यान रखा जाए। जांच के दौरान सभी पक्षों को सुनते हुए निष्पक्ष कार्रवाई की जाए, जिससे लोगों को न्यायोचित राहत मिल सके।

समाधान दिवस के दौरान जिले के सभी सर्किलों में क्षेत्राधिकारियों ने अपने-अपने थानों पर पहुंचकर जनशिकायतों की सुनवाई की और पुलिस एवं राजस्व अधिकारियों को प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए।इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण दुर्गा प्रसाद तिवारी, क्षेत्राधिकारी नगर नारायण दत्त मिश्रा, थाना प्रभारी कोतवाली देहात सहित अन्य पुलिस अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

Anurag Pathak
ABOUT THE AUTHOR

Anurag Pathak

Bahraich Reporter - Anurag Pathak Mail ID - anuragpt.pt@gmail.comanuragpt.pt@gmail.com
Next Story