TRENDING TAGS :
Bahraich News: 88 साल की उम्र में जेल से रिहा हुए बृजलाल, राज्यपाल की अनुशंसा पर मिली सजा माफी
Bahraich News: बहराइच में पूर्व प्रधान समेत तीन लोगों की हत्या के मामले में उम्रकैद की सजा काट रहे बृजलाल को राज्यपाल की अनुशंसा पर शासन ने दी सजा माफी।
88 साल की उम्र में जेल से रिहा हुए बृजलाल, राज्यपाल की अनुशंसा पर मिली सजा माफी (Photo- Newstrack)
Bahraich News: उत्तर प्रदेश के बहराइच में पूर्व प्रधान समेत तीन लोगों की हत्या के मामले में आजीवन कारावास की सजा काट रहे करीब 88 वर्षीय बृजलाल को राज्यपाल की अनुशंसा पर सजा माफी मिल गई है। शासन की ओर से सजा माफी का आदेश जिला कारागार पहुंचने के बाद बृहस्पतिवार देर शाम उन्हें जेल से रिहा कर दिया गया। बृजलाल हरदी थाना क्षेत्र के सिकंदरपुर गांव के रहने वाले हैं और लंबे समय से जिला कारागार में बंद थे।
जून 1995 में हुई थी तीन लोगों की हत्या
यह मामला जून 1995 का है। खैरीघाट थाना क्षेत्र के सिसैया चूड़ामणि गांव में पूर्व प्रधान गोकरन सिंह, उनके भाई अमिरका सिंह और भतीजे बजरंगी सिंह की दिनदहाड़े हत्या कर दी गई थी। इस मामले में महसी विधायक सुरेश्वर सिंह के बड़े भाई बृजेश्वर सिंह उर्फ धीरू समेत पांच आरोपियों को अदालत ने 7 सितंबर 2019 को उम्रकैद की सजा सुनाई थी। इसके बाद से बृजलाल भी जिला कारागार में अपनी सजा काट रहे थे।
उम्र और पारिवारिक परिस्थितियों को बनाया आधार
करीब 88 वर्ष की उम्र में जेल में बंद बृजलाल की रिहाई के लिए उनके परिजन लगातार प्रयास कर रहे थे। परिवार की ओर से उनकी बढ़ती उम्र और पारिवारिक परिस्थितियों का हवाला देते हुए कई बार शासन स्तर पर सजा माफी की गुहार लगाई गई थी। इसके बाद परिजनों ने राज्यपाल के समक्ष भी सजा माफी की अपील की। उनकी उम्र और पारिवारिक परिस्थितियों को आधार बनाकर की गई अपील पर राज्यपाल की अनुशंसा के बाद शासन ने सजा माफी का आदेश जारी कर दिया।
शासन का आदेश मिलने पर जेल से मिली रिहाई
जिला कारागार के जेलर अजय झा ने बताया कि शासन से सजा माफी का आदेश प्राप्त होने के बाद बृहस्पतिवार देर शाम बृजलाल को जेल से रिहा कर दिया गया। इस तरह करीब 88 वर्ष की उम्र में उन्हें आजीवन कारावास की सजा से माफी मिलने के बाद जेल से बाहर आने का मौका मिला।


