Bahraich News: गन्ने के खेत से निकले तेंदुए ने चार वर्षीय मासूम पर किया हमला, गर्दन पर गंभीर चोट

Bahraich News: गन्ने के खेत से निकले तेंदुए ने घर के पास खेल रहे मासूम पर हमला किया। परिजनों के शोर मचाने पर भागा, सीएचसी मोतीपुर में बच्चे का इलाज जारी।

Anurag Pathak
Published on: 28 Nov 2026 9:50 PM IST
Leopard Attack
X

गन्ने के खेत से निकले तेंदुए ने चार वर्षीय मासूम पर किया हमला, गर्दन पर गंभीर चोट (Photo- Social Media)

Bahraich News: कतर्नियाघाट वन्यजीव प्रभाग के निशानगाड़ा रेंज अंतर्गत लंबे पूर्वा मुखिया फार्म गांव में शनिवार शाम करीब चार बजे गन्ने के खेत से निकले तेंदुए ने चार वर्षीय मासूम पर हमला कर दिया। हमले में बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद गांव में दहशत फैल गई। परिजनों और ग्रामीणों के शोर मचाने पर तेंदुआ खेत की ओर भाग गया।

लंबे पूर्वा मुखिया फार्म गांव निवासी घनश्याम का चार वर्षीय पुत्र अवियांश चौहान उम्र चार वर्ष शनिवार शाम करीब चार बजे घर के पास खेल रहा था। इसी दौरान पास के गन्ने के खेत से अचानक निकले तेंदुए ने बच्चे पर हमला कर दिया। तेंदुए ने बच्चे की गर्दन पर पंजों और मुंह से वार कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। मासूम की चीख सुनकर परिजन और आसपास के ग्रामीण मौके पर दौड़े। लोगों के शोर मचाने पर तेंदुआ गन्ने के खेत में भाग गया।

ग्रामीणों की मदद से घायल बच्चे को एंबुलेंस के जरिए नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। यहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसे सीएचसी मोतीपुर रेफर कर दिया।

घटना की सूचना पर निशानगाड़ा वन क्षेत्राधिकारी शिव कुमार के निर्देश पर वन विभाग की टीम गांव पहुंची। टीम ने ग्रामीणों को सतर्क रहने की अपील करते हुए मुनादी कराई। बच्चों को अकेले घर से बाहर न निकलने और आसपास विशेष सावधानी बरतने की हिदायत दी गई। वन विभाग की टीम गन्ने के खेत में तेंदुए को भगाने का प्रयास कर रही है।

रेंजर ने बताया कि जंगली जानवर के हमले में बच्चा घायल हुआ था। वन विभाग की ओर से उसके उपचार की व्यवस्था कराई गई है। फिलहाल बच्चे की हालत खतरे से बाहर है।

Anurag Pathak
ABOUT THE AUTHOR

Anurag Pathak

Bahraich Reporter - Anurag Pathak Mail ID - anuragpt.pt@gmail.comanuragpt.pt@gmail.com
Next Story