Bahraich News: मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने कैसरगंज सीएचसी में ऑनलाइन पर्चा सुविधा का शुभारंभ किया

Bahraich News: बहराइच में प्रभारी मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने सीएचसी कैसरगंज और 50 बेडेड मैटरनिटी विंग का निरीक्षण किया तथा ऑनलाइन पर्चा सुविधा शुरू की।

Farhan Khan
Published on: 14 May 2026 5:58 PM IST
Bahraich News
X

Bahraich News(Photo-Social Media)

Bahraich News: प्रदेश के कृषि मंत्री एवं जनपद बहराइच के प्रभारी मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने एक दिवसीय भ्रमण कार्यक्रम के दौरान सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) कैसरगंज और 50 बेडेड मैटरनिटी विंग का निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने आयुष्मान भारत डिजिटल हेल्थ मिशन के तहत मरीजों के लिए ऑनलाइन पर्चा बनाने की सुविधा का शुभारंभ भी किया। अधिकारियों के अनुसार, यह सुविधा शुरू करने वाला बहराइच प्रदेश का पांचवां जनपद बन गया है।

विभिन्न विभागों का किया निरीक्षण

निरीक्षण के दौरान प्रभारी मंत्री ने पंजीकरण काउंटर, ओपीडी, एक्स-रे रूम, दवा वितरण काउंटर और दंत रोग कक्ष सहित विभिन्न विभागों का निरीक्षण किया। अस्पताल प्रशासन ने बताया कि प्रतिदिन करीब 400 से 500 मरीज ओपीडी सेवाओं का लाभ उठा रहे हैं, जबकि एक्स-रे विभाग में रोजाना 35 से 40 मरीजों की जांच की जा रही है। मंत्री ने अस्पताल में मौजूद विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा दी जा रही सेवाओं पर संतोष जताया।

हीटवेव और दवाओं की व्यवस्था पर दिए निर्देश

प्रभारी मंत्री ने हीटवेव रूम का निरीक्षण करते हुए मुख्य चिकित्साधिकारी को निर्देश दिए कि जिले के सभी स्वास्थ्य केंद्रों पर हीटवेव से बचाव की पर्याप्त व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं। उन्होंने आवश्यक दवाएं, उपकरण, एंटीवेनम और एंटीरेबीज इंजेक्शन की उपलब्धता बनाए रखने के भी निर्देश दिए। उन्होंने आयुष्मान भारत योजना के तहत पात्र लोगों के गोल्डन कार्ड बनवाने पर विशेष जोर देते हुए कहा कि जरूरतमंद मरीजों को ₹5 लाख तक का निशुल्क उपचार मिलना चाहिए।

मैटरनिटी विंग की व्यवस्थाओं का लिया जायजा

इसके बाद मंत्री ने 50 बेडेड मैटरनिटी विंग का निरीक्षण कर न्यू बॉर्न केयर यूनिट, अल्ट्रासाउंड कक्ष, महिला वार्ड, परिवार नियोजन परामर्श केंद्र और ब्लड स्टोरेज यूनिट की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। अस्पताल प्रशासन ने बताया कि अल्ट्रासाउंड कक्ष में प्रतिदिन 10 से 15 गर्भवती महिलाओं को सेवाएं दी जा रही हैं। मंत्री ने अस्पताल परिसर में साफ-सफाई की बेहतर व्यवस्था बनाए रखने और मरीजों व तीमारदारों को सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। इस अवसर पर अक्षय त्रिपाठी, विश्वजीत श्रीवास्तव, सुनील कुमार धनवंता समेत कई प्रशासनिक अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

Anjali Soni

Anjali Soni

Mail ID - theanjalisonisoni111@gmail.com

Next Story