गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व पर निकली भव्य शोभायात्रा, गतका दल ने दिखाए युद्ध कौशल के करतब

Bahraich News: बहराइच में गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व पर भव्य नगर कीर्तन निकाला गया। शोभायात्रा में गतका दल के करतब और केसरिया पोशाक में सजे बच्चे आकर्षण बने।

Newstrack Network
Published on: 22 Nov 2026 4:17 PM IST
गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व पर निकली भव्य शोभायात्रा, गतका दल ने दिखाए युद्ध कौशल के करतब
X

Bahraich News: सिख धर्म के संस्थापक एवं प्रथम गुरु श्री गुरु नानक देव जी महाराज के पावन प्रकाश पर्व के उपलक्ष्य में रविवार को शहर में भव्य नगर कीर्तन एवं शोभायात्रा निकाली गई। श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी की अगुवाई और पांच प्यारों की उपस्थिति में निकली शोभायात्रा में हजारों की संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। इस दौरान अमृतसर से आए गोल्डी सिंह के खालसा गतका अखाड़ा ग्रुप ने युद्ध कौशल के हैरतअंगेज करतब दिखाकर लोगों को आकर्षित किया। वहीं, केसरिया दस्तार और सिखी पोशाक में सजे छोटे-छोटे बच्चे भी आकर्षण का केंद्र रहे।

मनदीप सिंह वालिया ने बताया कि शोभायात्रा पीपल चौराहा स्थित गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा से प्रारंभ होकर घंटाघर, छावनी, दरगाह रोड, डायमंड टॉकीज, अग्रसेन चौक, चित्रगुप्त तिराहा, गुरुनानक चौक और छोटी बाजार होते हुए पुनः गुरुद्वारा पहुंचकर संपन्न हुई। इसमें गौरा, धनौली, डीहवा, मटेरा, सिखनपुरवा, हीरासिंहपुरवा, फखरपुर और पयागपुर समेत विभिन्न क्षेत्रों की संगत ने भाग लिया। श्रद्धालु गुरु नानक देव जी के संदेशों का स्मरण करते हुए वाहेगुरु के जयकारे लगाते रहे।


शोभायात्रा के मार्ग में विभिन्न सामाजिक, धार्मिक और व्यापारिक संगठनों ने जगह-जगह स्वागत किया तथा श्रद्धालुओं के लिए प्रसाद और जलपान की व्यवस्था की। नगरपालिका अध्यक्ष सुधा देवी, अनिल केडिया, मर्यादा पुरुषोत्तम रामलीला कमेटी के अध्यक्ष श्यामकरण टेकड़ीवाल, दीपक सोनी दाऊ जी, श्री महाकाल सेवक मंडल, गुरुद्वारा गुरबाणी केंद्र सुंदर नगर, रोटरी क्लब, मारवाड़ी युवा मंच, सिंधी समाज सहित विभिन्न संस्थाओं और लोगों ने स्वागत में सहभागिता की। छावनी चौराहे समेत कई स्थानों पर श्रद्धालुओं के लिए प्रसाद वितरित किया गया।

शोभायात्रा के दौरान श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी की सवारी के आगे श्रद्धालु सड़क की सफाई करते हुए चलते रहे। यह दृश्य सेवा और समर्पण का संदेश देता रहा। समापन के बाद हेड ग्रंथी ज्ञानी विक्रम सिंह ने सरबत के भले की अरदास की। इसके बाद गुरुद्वारे में गुरु का अटूट लंगर चला, जिसमें श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।

इस अवसर पर मंजीत सिंह शम्पी, भूपेंद्र सिंह वालिया, पंजाब के पुलिस महानिदेशक गुलनीत सिंह खुराना, परमजीत सिंह, जगजीत सिंह, देवेंद्र सिंह बेदी, परविंदर सिंह सम्मी, आत्मजीत सिंह, अर्शदीप सिंह, डॉ. गुरप्रीत सिंह, डॉ. बलमीत कौर, लवी सिंह, तरनजीत सिंह, हरजीत सिंह, उदल सिंह, जितेंद्र सिंह, कुलबीर सिंह, बाबा अजीत सिंह, इंद्रपाल सिंह, राजेंद्र कौर, बलजीत कौर, सुरजीत सिंह, संतोष सिंह तोषी, राम सिंह, जीत सिंह, गुरविंदर सिंह, गुरबख्श कौर, गुरजीत कौर, रामेंद्र कौर, हरजीत कौर और चरनजीत कौर समेत हजारों श्रद्धालु मौजूद रहे।

Newstrack Network
ABOUT THE AUTHOR

Newstrack Network

Newstrack Desknewstracknetwork@gmail.com

Newstrack is one of the most Trusted and Popular news portal of India. Remain updated and aware, only on Newstrack

Next Story